आज पधारेंगे विघ्नहर्ता, पालोजोरी में सोमवार से शुरू होगा 05 दिवसीय गणेश महोत्सव
• 27वें साल में प्रवेश
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
पालोजोरी (देवघर) : संताल परगना के प्रसिद्ध पालोजोरी गणेश महोत्सव की शुरुआत सोमवार से होने जा रही है। विघ्नहर्ता बाबा गणेश के आगमन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। 5 दिवसीय इस महोत्सव का समापन 18 सितंबर को गणेश प्रतिमा के विसर्जन के साथ होगा।
हटिया परिसर स्थित पूजा पंडाल में आइडियल स्टूडेंट कमेटी के बैनर तले आयोजित होने वाला यह गणेश महोत्सव इस वर्ष अपने 27वें साल में प्रवेश कर गया है। कमेटी के सदस्य पिछले एक पखवाड़े से तैयारी में जुटे हैं। इस बार भव्य पंडाल के साथ-साथ पूरे पालोजोरी बाजार को आकर्षक विद्युत साज-सज्जा से सजाया गया है।
कमेटी द्वारा मुख्य पंडाल के अंदर अमरनाथ गुफा की मनमोहक झांकी बनाई गई है। पंडाल में प्रवेश करते ही श्रद्धालु एक साथ गणेश जी और बाबा अमरनाथ के दर्शन कर सकेंगे। यही कारण है कि पालोजोरी के गणेश महोत्सव की ख्याति पूरे संताल परगना में है और यहां जैसी भव्यता कहीं और देखने को नहीं मिलती।
सोमवार को प्रथम दिन पुरोहित गंगाधर पांडे के मंत्रोच्चारण के साथ विधि-विधान से गणपति की स्थापना और पूजा-अर्चना की जाएगी।
आयोजन समिति की ओर से जानकारी दी गई कि 14 सितंबर से 17 सितंबर तक चार दिवसीय शिव महापुराण कथा का आयोजन किया गया है। कथा का वाचन चित्रकूट धाम से पधारे प्रसिद्ध कथावाचक नितिन जी महाराज करेंगे। कथा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
समिति के सदस्यों ने बताया कि इस बार का महोत्सव पिछले सभी वर्षों की भव्यता को पीछे छोड़ देगा। पंडाल, लाइटिंग और झांकी को विशेष रूप से तैयार किया गया है। पांच दिनों तक पालोजोरी भक्तिमय माहौल में डूबा रहेगा।






