BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

आज हरितालिका तीज, सुहागिनें रखेंगी निर्जला व्रत, पति की लंबी उम्र के लिए करेंगी प्रार्थना


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

मधुपुर बाजार (देवघर) : पति की लंबी उम्र और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना को लेकर मनाया जाने वाला सुहागिनों का महापर्व हरितालिका तीज आज है। दो दिवसीय इस व्रत की शुरुआत रविवार को नहाय-खाय के साथ हो गई है। आज सोमवार को सुहागिन महिलाएं निर्जला व्रत रखकर भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना करेंगी।

तीज को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। धार्मिक मान्यता के अनुसार माता पार्वती ने भगवान शिव को पति रूप में पाने के लिए कठोर तपस्या की थी। इसी मान्यता के अनुसार सुहागिनें अखंड सौभाग्य और पति की दीर्घायु के लिए यह कठिन व्रत रखती हैं।

तीज व्रत को लेकर रविवार को मधुपुर बाजार में महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ी। साड़ी, चूड़ी, बिंदी, सिंदूर, मेहंदी, आलता समेत श्रृंगार की दुकानों पर दिनभर चहल-पहल रही। इसके अलावा पूजा के लिए फल, फूल, बेलपत्र, मिठाई और अन्य पूजन सामग्री की भी जमकर खरीदारी हुई।

आज दिनभर निर्जला व्रत रखने के बाद महिलाएं शाम को शिव-पार्वती की विधिवत पूजा करेंगी। पूजा के बाद रात्रि में जागरण, व्रत कथा और भजन-कीर्तन का आयोजन होगा। मंगलवार सुबह पारण के साथ इस व्रत का समापन होगा।

हरितालिका तीज को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्ति और उल्लास का माहौल बना हुआ है।