बीएयू के दीक्षांत समारोह में भुरकुंडा के विशाल को मिला स्वर्ण पदक, राज्यपाल ने किया सम्मानित
भुरकुंडा। बिरसा कृषि विश्वविद्यालय रांची के नौवें दीक्षांत समारोह में भुरकुंडा के विशाल कुमार ने स्वर्ण पदक हासिल कर पूरे कोयलांचल का नाम रोशन किया है। गढ़वा कृषि महाविद्यालय में बीएससी ऑनर्स (कृषि संकाय) सत्र 2021-22 में पूरे विश्वविद्यालय में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने पर झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने उन्हें स्वर्ण पदक प्रदान कर सम्मानित किया। विशाल की इस बड़ी सफलता से भुरकुंडा के पटेलनगर सहित पूरे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है। विशाल कुमार भुरकुंडा के पटेलनगर स्थित सेठ मोहल्ला निवासी नरेंद्र कुमार और बसंती देवी के पुत्र हैं। विशाल ओपी जिंदल स्कूल से दशवीं और 12वीं की परीक्षा प्रथम श्रेणी में पूरी की थी। इसके बाद गढ़वा कृषि महाविद्यालय में उच्च शिक्षा के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन कर यह मुकाम हासिल किया। अपनी सफलता का श्रेय विशाल ने महाविद्यालय के शिक्षकों के मार्गदर्शन और परिजनों के सहयोग को दिया है। उनका भविष्य में एक सफल कृषि उद्यमी बनने का सपना है। दीक्षांत समारोह के अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ एससी दुबे, सहायक कुलपति डॉ राहुल कुमार सहित महाविद्यालय के तमाम शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने विशाल को उज्ज्वल भविष्य के लिए बधाई दी है। इधर विशाल की सफलता पर घनश्याम प्रसाद, जितेंद्र पांडेय, नरेंद्र सिंह, मुन्ना यादव, सरोज राणा, नरेश त्रेहन, बद्री वर्णवाल, दीपक अग्रवाल, रविश कुमार, विकास वर्णवाल, सुशील अग्रवाल, कंचन सिन्हा, दिनेश वर्मा, राजेश प्रसाद सहित दर्जनों लोगों ने बधाई देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की है।






