BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

गलियों में घूम-घूमकर गांजा बेचता था युवक, 82 ग्राम के साथ गिरफ्तार


बिजुलिया तालाब रोड से रामगढ़ पुलिस ने दबोचा, खरीदारों तक खुद पहुंचाता था नशे का सामान

रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

रामगढ़। शहर की गलियों में घूम-घूमकर गांजे की पुड़िया बेचने वाले एक युवक को रामगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गुप्त सूचना के आधार पर थाना प्रभारी गजेंद्र कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बिजुलिया तालाब रोड से आरोपी को पकड़ा। उसके पास से 82 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। गिरफ्तार युवक की पहचान रमेश कुमार साहू के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बिहार के वैशाली जिले के जंदाहा थाना क्षेत्र स्थित चांद सराय गांव का रहने वाला है। वर्तमान में वह कुजू ओपी क्षेत्र के सेवटा, रांची रोड में रह रहा था।

जेब में पुड़िया रखकर घूमता था आरोपी

पुलिस के अनुसार, आरोपी गांजे की छोटी-छोटी पुड़िया अपने पास रखकर शहर में घूमता था। वह उन स्थानों पर पहुंचता था, जहां नशे का सेवन करने वालों का जमावड़ा लगता है। आरोपी को पहचानने वाले लोग उससे सीधे संपर्क कर गांजा खरीद लेते थे। इस तरीके से वह घूम-घूमकर गांजे की बिक्री करता था और ग्राहकों तक नशीला पदार्थ पहुंचाता था।

गांजा कहां से लाता था, पुलिस कर रही जांच

रामगढ़ थाना प्रभारी गजेंद्र कुमार पाण्डेय के अनुसार, आरोपी के पास से 82 ग्राम गांजा बरामद हुआ है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वह गांजा कहां से लाता था और उसकी तस्करी के पीछे कोई अन्य व्यक्ति या नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। गिरफ्तार आरोपी को बुधवार को जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।