BREAKING NEWS

logo

आपसी विवाद में चली गोली, युवक बाल-बाल बचा


पलामू: चैनपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर-गढ़वा रोड में शुक्रवार शाम आपसी विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान एक युवक पर गोली चला दी गई। हालांकि गोली युवक को नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गया। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और त्वरित कार्रवाई करते हुए गोली चलाने के आरोपी युवक सेफ खान को हिरासत में ले लिया। पुलिस आरोपी को थाना ले जाकर पूरे मामले में पूछताछ कर रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच पहले से किसी बात को लेकर तनाव चल रहा था। इसी विवाद के दौरान मामला इतना बढ़ गया कि फायरिंग की घटना हो गई। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। घटना स्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा फायरिंग के कारणों का पता लगाया जा रहा है। वहीं इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।