लावालौंग में 600 ग्राम अफीम के साथ एक आरोपी गिरफ्तार, बाइक और मोबाइल जब्त!
राँची एक्सप्रेस न्यूज़
एसएसबी और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज !
सिमरिया अनुमंडल के चतरा जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र में एसएसबी एवं थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 600 ग्राम अफीम के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 27 अक्टूबर 2026 को करीब 11 बजे एसएसबी एवं लावालौंग थाना पुलिस की टीम ने अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस को देखकर दो मोटरसाइकिल सवार भागने लगे। पीछा करने पर एक मोटरसाइकिल सवार को पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा भागने में सफल रहा। पकड़े गए युवक की तलाशी लेने पर उसकी गाड़ी की डिक्की से 600 ग्राम अफीम बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया तथा अफीम, हीरो सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल और ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुकेश कुमार गंझू (25 वर्ष), पिता सुरेश गंझू, निवासी ग्राम मंधनिया, थाना लावालौंग, जिला चतरा के रूप में की गई है। इस मामले में लावालौंग थाना कांड संख्या 80/2026, दिनांक 27 अक्टूबर 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 17(बी)/18(सी) में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। इस संयुक्त अभियान में लावालौंग थाना प्रभारी चंदन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक विधायक प्रसाद यादव, सहायक अवर निरीक्षक वर्षा किरकू तथा एसएसबी की 35वीं बटालियन की टीम शामिल थी।


.jpg)


