BREAKING NEWS

logo

जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय की छात्राओं का शानदार प्रदर्शन


वॉयस कल्चर कोर्स ने दिलाई आकाशवाणी तक पहचान

जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय, जमशेदपुर के एक वर्षीय सर्टिफिकेट कोर्स ‘बोलने की कला और प्रस्तुति कौशल’ (वॉयस कल्चर एवं परफॉर्मेंस कम्युनिकेशन) की दो प्रतिभाशाली छात्राओं—सरितम बोबोंगा एवं योगशा सरकार—ने आकाशवाणी जमशेदपुर के लोकप्रिय ‘युववाणी’ कार्यक्रम हेतु आयोजित कठिन स्वर परीक्षा में सफलता हासिल कर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है।

यह स्वर परीक्षा अपनी कठोरता और उच्च मानकों के लिए जानी जाती है, लेकिन कोर्स मेंटर द्वारा कराई गई विशेष एवं व्यवस्थित तैयारी ने छात्राओं को इस चुनौती के लिए पूरी तरह सक्षम बनाया।

इस सर्टिफिकेट कोर्स के अंतर्गत रेडियो कम्पीयर, उद्घोषक, अनाउंसर, आर.जे., तथा नाटक कलाकारों के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि इस क्षेत्र में इस तरह का व्यावहारिक एवं समग्र कोर्स पहली बार प्रारंभ किया गया है, जो विद्यार्थियों को संचार कला के विभिन्न आयामों से जोड़ता है।

कोर्स में शुद्ध उच्चारण, प्रभावशाली बोलने की कला, वॉयस मॉड्यूलेशन, मंच संचालन के साथ-साथ खेलों की जीवंत कमेंट्री का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। इसके अतिरिक्त फिल्म संगीत पर आधारित विशेष ‘छाया गीत’ का निर्माण एवं प्रस्तुति भी छात्राओं द्वारा सफलतापूर्वक किया गया, जो अत्यंत सराहनीय रहा।

छात्राओं को समाचार वाचन, रेडियो रिपोर्टिंग, रेडियो नाटकों में अभिनय तथा कार्यक्रम निर्माण (प्रोडक्शन) की बारीकियों का भी व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे वे मीडिया के क्षेत्र में अपने करियर को नई दिशा दे सकें।

यह उपलब्धि न केवल छात्राओं की मेहनत का परिणाम है, बल्कि संस्थान की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और समर्पित मार्गदर्शन का भी प्रतीक है।