विश्रामपुर में झाड़ी से अज्ञात युवक का अधजला शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस
पलामू: जिले के विश्रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत छिपादोहर के सोनपुरवा टाड़ के पास सड़क किनारे झाड़ी से मंगलवार शाम एक अज्ञात युवक का अधजला शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, 31 मार्च 2026 को शाम करीब 5:50 बजे सूचना मिली कि झाड़ी में एक युवक का अधजला शव पड़ा हुआ है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। वहां जांच के दौरान पाया गया कि करीब 20 से 22 वर्ष उम्र के युवक का शव कमर के ऊपर के हिस्से से जला हुआ है, जिससे उसकी पहचान करना फिलहाल मुश्किल हो रहा है।
स्थानीय लोगों से पूछताछ के बावजूद शव की पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने शव को अंत्यपरीक्षण (पोस्टमार्टम) के लिए मेदिनीनगर सदर अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस अब मृतक की पहचान कराने के लिए पलामू जिले के अन्य थाना क्षेत्रों के साथ-साथ आसपास के जिलों से भी संपर्क कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि पहचान छिपाने की नीयत से शव को जलाने का प्रयास किया गया हो सकता है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
मृतक का हुलिया
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार मृतक युवक की:
ऊंचाई: करीब 5 फीट 3 इंच
उम्र: लगभग 20 से 22 वर्ष
पहनावा:
उजला-काला चेकदार फुल शर्ट
काले रंग का जींस पैंट
उजले रंग का स्पोर्ट्स जूता
पुलिस ने आमजन और मीडिया से अपील की है कि यदि किसी को मृतक के संबंध में कोई जानकारी हो, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।
संपर्क नंबर
थाना प्रभारी, विश्रामपुर: 7004918942 / 8271991429
ओपी प्रभारी, नवाडीह कला: 9334436106





