BREAKING NEWS

logo

स्व-गणना में तेजी लाने का निर्देश, सिर्फ चार दिन शेष :उपायुक्त


 शिक्षा विभाग के अधिकारियों, बीआरपी-सीआरपी संग वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश

पलामू उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने शुक्रवार को अपने कार्यालय कक्ष में जिला शिक्षा पदाधिकारी, शिक्षा विभाग के बीआरपी, सीआरपी समेत अन्य अधिकारियों एवं कर्मियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की। इस दौरान उन्होंने जनगणना-2027 के तहत चल रही स्व-गणना प्रक्रिया में तेजी लाने एवं आम जनों के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया।उपायुक्त ने कहा कि स्व-गणना का कार्य एक से 15 मई तक चल रहा है तथा अब इसमें सिर्फ चार दिन शेष रह गए हैं। ऐसे में सभी अधिकारी एवं कर्मी अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करते हुए अधिकाधिक लोगों से स्व-गणना कराने की दिशा में कार्य करें।उन्होंने कहा कि वर्ष 2011 की जनगणना के अनुरूप अब तक जिले में स्व-गणना की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी है। इसे गति देने के लिए शिक्षा विभाग की भूमिका महत्वपूर्ण है। बीआरपी, सीआरपी एवं शिक्षक गांव-गांव तक लोगों को जागरूक कर स्व-गणना के लिए प्रेरित करें।उपायुक्त ने कहा कि विद्यालयों एवं स्थानीय स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को स्व-गणना की प्रक्रिया की जानकारी दी जाए ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मियों से इस कार्य में सक्रिय सहयोग देने की अपील की ताकि जिले में स्व-गणना का लक्ष्य समय पर पूरा किया जा सके।मौके पर अपर समाहर्ता कुंदन कुमार एवं जिला योजना पदाधिकारी समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

 *आप सभी भी ऐसे करें स्व-गणना (Self Enumeration)* 

आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाएं।
अपने मोबाइल नंबर से OTP के माध्यम से लॉगिन करें।
 अपना राज्य, जिला एवं स्थानीय विवरण चुनें।
डिजिटल मानचित्र पर अपने घर का स्थान चिन्हित करें।
मकान एवं परिवार से संबंधित जानकारी भरें।
सबमिशन के बाद आपको SE ID प्राप्त होगी।
 SE ID को सुरक्षित रखें।
 प्रगणक (Enumerator) के आने पर SE ID दिखाएं।
 प्रगणक द्वारा जानकारी की पुष्टि की जाएगी।