रांची, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने
कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा है। साहू ने शुक्रवार को प्रेस
विज्ञप्ति जारी कर कहा कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी के इशारे पर
कांग्रेस के नेताओं ने नग्न प्रदर्शन कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि
को धूमिल किया है।
उन्होंने कहा कि यह सुनियोजित षड्यंत्र
कांग्रेस की ओर से नई दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहे आर्टिफिशियल
इंटेलिजेंस (एआई) के अंतरराष्ट्रीय समिट में किया गया।
उन्होंने कहा
कि कांग्रेस पार्टी के डीएनए में देश से गद्दारी है। देश विभाजन को
स्वीकार करने से लेकर आज तक कांग्रेस का इतिहास भारत के विरोध से भरा पड़ा
है।
उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी के नेतृत्व में
कांग्रेस पार्टी ने नीचता की हद पार कर दी। उन्होंने कहा कि जिस सम्मेलन
में आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में भारत की बदलती छवि, प्रसिद्धि, संभावनाओं
पर दुनिया गर्व कर रही उस स्थान पर कांग्रेस के राष्ट्रीय और प्रदेश
स्तरीय पदाधिकारियों के जरिये छद्म प्रतिनिधि के रूप में घुसकर नग्न
प्रदर्शन करना यह बतलाता है कि कांग्रेस पार्टी को भारत की प्रगति पसंद
नहीं।
उन्होंने कहा कि इसके पहले भी विदेश की धरती पर भारत की छवि को खराब करने में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कोई कसर नहीं छोड़ी है।
उन्होंने
कहा कि चाहे पाकिस्तान के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक हो, या एयर स्ट्राइक
कांग्रेस पार्टी भारत की सेना पर सवाल खड़ा करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में भी कांग्रेस पार्टी ने सवाल खड़ा किया।
ये वही कांग्रेस है जो खून की दलाली की भाषा बोलती है।
उन्होंने कहा
कि आतंकवादियों, देश द्रोहियों को जी कहकर संबोधित करने वाली कांग्रेस
पार्टी टुकड़े टुकड़े गैंग को खुल्लम खुल्ला समर्थन करती है।
साहू
ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने राजशाही सोच से उबर नहीं रही है।सत्ता के
बिना कांग्रेस देश द्रोही बन गई है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी को देश की
जनता से माफी मांगने की मांग की।






