रांची। राजधानी स्थित रिम्स में मीडिया कवरेज को लेकर जारी नई गाइडलाइन और मीडिया पर प्रतिबंध का झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन ने कड़ा विरोध किया है। मंगलवार की रात जेजेए राज्य कमेटी की हुई ऑनलाइन बैठक में इस मामले को आपातकाल की याद दिलाने जैसा बताया गया और कहा गया कि यह निर्देश किसी भी तरीके से उचित नहीं है। पत्रकार संगठन इसके खिलाफ न्यायालय की शरण भी जाना होगा तो जायेंगे। वहीं राज्य भर में विरोध दर्ज कराने, राज्यपाल और मुख्यमंत्री को यूनियन की ओर से ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया। बैठक के दौरान संस्थापक शाहनवाज हसन ने बताया कि रिम्स प्रबंधन अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए इस तरह के निर्देश के जरिए मीडिया की आवाजाही बंद करना चाहता है। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष अभय कुमार लाभ ने की। वहीं इसमें मुख्य तौर पर संस्थापक शाहनवाज हसन, प्रदेश महासचिव संजीव समीर, उपेंद्र महतो, निलय सेन गुप्ता, नागेंद्र शर्मा, नीरव किशोर, नंदन झा, आकाश सोनी, सुभाशीष झा, राणा मकसूद और पवन आदि मौजूद थे।






