सूरत में पकड़े गए जाली नोट गिरोह का तार बेंगाबाद से जुड़ा, सरगना की तलाश में गुजरात पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी
संजीत सिंह ब्यूरो गिरिडीह
बेंगाबाद: जाली नोट के अंतरराज्यीय कारोबार का बड़ा नेटवर्क उजागर होने के बाद गुजरात पुलिस की एक टीम बुधवार को बेंगाबाद पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से कथित सरगना की तलाश में व्यापक छापेमारी अभियान शुरू किया। सूरत में गिरफ्तार चार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस बेंगाबाद क्षेत्र के एक व्यक्ति को इस गिरोह का मुख्य सरगना मान रही है।
गुजरात पुलिस के अनुसार, सूरत में जाली नोट के कारोबार में संलिप्त चार लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से करीब दो लाख रुपये के नकली नोट बरामद किए गए थे। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि इस अवैध नेटवर्क का संचालन बेंगाबाद क्षेत्र से जुड़े एक व्यक्ति द्वारा किया जा रहा है, जिसने सूरत में जाली नोटों का कारोबार फैलाया।
सूचना मिलते ही गुजरात पुलिस की टीम बेंगाबाद पहुंची और थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त अभियान शुरू किया। पारडीह, छोटकी खरगडीहा, नैयाडीह समेत कई गांवों में संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की गई। हालांकि समाचार लिखे जाने तक आरोपी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सका था।
थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह ने बताया कि गुजरात पुलिस को हरसंभव सहयोग दिया जा रहा है। सरगना की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद जाली नोट के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य राज्यों के कनेक्शन और कई अहम खुलासे सामने आ सकते हैं।
पुलिस ने आम लोगों से नकली नोटों के प्रति सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध लेन-देन की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।





