रेव पार्टियां, टेक्नो म्युजिक इवेंट्स ही ड्रग पेडलिंग और सट्टेबाजी का है मुख्य अड्डा
एनसीबी की गिरफ्त में आया युवक आकाश मल्होत्रा रहा है एनएसयूआइ के नेता
आयुष अग्रवाल भी है कांग्रेस नेता, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कईयों ने साधी चुप्पी
विशेष संवाददाता
रांची : राजधानी रांची में आयोजित होनेवाली रेव पार्टियां ड्रग पेडलिंग और सट्टेबाजी का मुख्य अड्डा बनता जा रहा है। नेशनल क्राइम ब्यूरो (एनसीबी) की ओर से 16 अक्तूबर को हिरासत में लिये गये छह ड्रग पेडलरों से पूछताछ के बाद रांची के सांभ्रांत परिवारों के कई नामचीनों का नाम सामने आया है। इसमें एक ड्रग पेडलर है आकाश मह्लोत्रा, जो गिरिडीह का एक रसूखदार है और कांग्रेस पार्टी की युवा विंग एनएसयूआइ से ताल्लुक रखता है। गिरफ्तारी के बाद उसने अपने सभी सोसल मीडिया हैंडल से चैट और तस्वीरें डीलीट करवा दी है। उसकी पहुंच पूर्व झारखंड प्रभारी गुलाम मीर अहमद, झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, खिजरी के विधायक राजेश कच्छप तक रही है। नयी दिल्ली में भी कांग्रेस पार्टी के कई दिग्गजों के साथ उसकी तसवीरें वाइरल हुई थीं। इतना ही नहीं आयुष अग्रवाल नामक शख्स के साथ भी उसकी दोस्ती की तसवीरें वायरल हुई हैं। आयुष अग्रवाल का संबंध ड्रग पेडलर रजत और ऋषभ जैन से है। वह ट्रिप्सी इवेंट कंपनी से जुड़ा है, उसका आना जाना रांची, जमशेदपुर और अन्य जगहों पर लगा रहता है। पुलिस की छापेमारी के बाद वह रांची माल के लॉर्ड्स ऑफ ड्रिंक्स बार से फरार होने में सफल हुआ था। अब एनसीबी इनसे पूछताछ करने के लिए समन भेजने की तैयारी की जा रही है। इन ड्रग पेडलरों के सिंडिकेट में कुछ और नाम सामने आये हैं, जिसमें शोभित सहाय उर्फ गोलू, सौरभ जायसवाल, भाष्कर जैन, अक्की और अन्य शामिल हैं। एनसीबी सभी की तलाश कर रही है।
राजधानी रांची में लगातार हो रहे हैं टेक्नो पार्टियों का आयोजन, 30 अक्तूबर को हैलोवीन नाईट का होगा आयोजन
रांची में ही एक दर्जन से अधिक क्लब, लाउंज, रेस्टूरेंट, बार उपलब्ध हैं, जहां इस तरह की टेक्नो पार्टियां, आयोजन होते हैं। इन आयोजनों में प्रवेश प्रतिबंधित रहता है। 30 अक्तूबर 2026 को एक ऐसा ही आयोजन ब्लडी मून के नाम रांची के डंगराटोली में होनेवाला है। इसका प्रचार जोरों से चल रहा है। यंग एंड ब्रूक्स नामक एजेंसी इसे आयोजित कर रही है। इसका थीम हैलोवीन नाइट रखा गया है, जहां 14 हजार वर्ग फीट के स्पेश में म्युजिक, शराब और शबाब के साथ साथ ड्रग्स और अन्य चीजें भी परोसी जायेंगी। रांची एक्सप्रेस को जो जानकारी मिली है उसमें कई ऐसे नाम हैं, जो ऐसे आयोजनों के लिए प्रसिद्ध हैं, इसमें द स्क्रोल, फ्लिप एंड स्वीच, यंग एंड ब्रूक्स, वाईबेक्स मीडिया, इवेंट 360 और अन्य शामिल हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या इस तरह के आयोजनों के लिए प्रशासन से अनुमति ली गयी है।
जांच एजेंसियों की नजर में कई नामी –गिरामी बार और क्लब
राजधानी रांची के द सर्किल, द स्क्रोल, बरियातू रोड स्थित सात सितारा होटल का लाउंज, पब और ओल्ड एचबी रोड के एक प्रतिष्ठित क्लब, लालपुर का एक बार धूनकी, रांची मॉल का बार एलओडी, पैंटालूंस मॉल के ऊपर स्थित लूप रेस्टूरेंट एंड बार, ऑन द राक्स, रोमियो लेन, रूईन बार, फ्लिप एंड स्वीच समेत कई ऐसे नाम सामने आये हैं, जहां रेव पार्टियों के अलावा टेक्नो पार्टियां, थीम बेस्ड नाइट्स के आयोजन होते रहते हैं। ये सभी क्लब और बार अब जांच एजेंसियों के निशाने पर हैं। इन सभी में आयुष अग्रवाल, साक्षी अग्रवाल, रजत जैन, ऋषभ जैन की इवेंट कंपनियां काम लेती थीं। बताया जाता है कि इन इवेंट कंपनियों और आयोजकों की ओर से सांभ्रांत परिवार के युवक और युवतियों को ही टार्गेट किया जाता है, जो नशे और प्रतिबंधित ड्रग्स के आदि हो चुके हैं। आम लोगों की कोई इंट्री ऐसी पार्टियों में मुनासिब नहीं है।
पुलिस की नजरों में ऐसे कई सट्टेबाज और बुकी भी हैं शामिल
रेव पार्टियों और टेक्नो म्युजिक पार्टियों में कई नामी-गिरामी लोगों के नाम सामने आ रहे हैं। पुलिस के रिकार्ड में भी इनके नाम हैं। नामकुम थाना कांड संख्या 97 ऑफ 2019 में ऐसे बुकी का नाम सार्वजनिक किया गया है। इसमें से नामकुम बाजार का रहनेवाला एक शख्स, शिवशक्ति लेन रांची का रहनेवाला एक शख्स मुख्य आरोपी था। इनके खिलाफ बिहार-बंगाल गैंबलिंग एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा किया गया था। आइपीएल क्रिकेट मैच में चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रायल्स के बीच खेले जा रहे मैच की सट्टेबाजी को लेकर इन्हें गिरफ्तार किया गया था। जिसमें सुखदेव नगर के रहनेवाले आरोपी को मुख्य संचालनकर्ता बताया गया था। बाद में मामले को रफा-दफा किया गया। सूत्रों का कहना है कि इसमें आरोपियों ने अपने आप को बचाने के लिए कई तरह के प्रभाव का इस्तेमाल किया। सुखदेवनगर थाने का रहनेवाला शख्स युवा प्रीमियर लीग और मारवाड़ी प्रीमियर लीग से भी जुड़ा है। जांच एजेंसी इस शख्स पर भी नजर रख रही है, क्योंकि इसका संबंध ड्रग पेडलर रजत जैन, ऋषभ जैन से रहा है, जो युवा प्रीमियर लीग में टीम खरीदता रहा है। पुलिस की रिकार्ड में आरोपी रहे शख्स के द्वारा स्पा सैलोन भी चलाया जाता है।


.jpg)


