बिना कागजात और नशे में वाहन चलाने वालों की अब खैर नही सिमरिया में चला ताबड़तोड़ वाहन जांच अभियान, 88 हजार जुर्माना !
सिमरिया अनुमंडल के सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से सिमरिया अनुमंडल पदाधिकारी महेश्वरी प्रसाद यादव के नेतृत्व में सोमवार रात्रि लगभग 9:30 बजे विभिन्न मार्गों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान बड़े वाहन, दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की गहन जांच की गई। अभियान में ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन फिटनेस, इंश्योरेंस, प्रदूषण प्रमाण पत्र एवं नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों की विशेष रूप से जांच की गई। जांच अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले विभिन्न वाहनों से कुल 88 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से लापरवाह वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। अनुमंडल पदाधिकारी महेश्वरी प्रसाद यादव ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि, बिना वैध कागजात एवं नशे की हालत में वाहन चलाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने वाहन मालिकों एवं चालकों से अपील करते हुए कहा कि सभी आवश्यक दस्तावेज हमेशा अपने साथ रखें तथा नशा मुक्त होकर ही वाहन चलाएं। प्रशासन द्वारा इस प्रकार का जांच अभियान आगे भी किसी भी समय चलाया जा सकता है। सिमरिया अनुमंडल प्रशासन की इस कार्रवाई की आम लोगों ने सराहना करते हुए कहा कि लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए इस तरह का अभियान बेहद जरूरी है।





