BREAKING NEWS

logo

बोड़ाम में बकरी चोरी की कोशिश के दो आरोपित हथियारों के साथ गिरफ्तार


पूर्वी सिंहभूम, 21 मार्च । पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलगोड़ा टोला में शुक्रवार देर रात बकरी चोरी की कोशिश कर रहे तीन युवकों में से दो को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि तीसरा आरोपित अंधेरे का फायदा उठाकर बाइक से फरार हो गया।

घटना रात करीब एक बजे की है, जब आरोपित लालमोहन महतो के घर में चोरी की नीयत से घुसे। उस समय घर के लोग धान सिझाने (उबालने)के कारण जाग रहे थे। हलचल होते ही ग्रामीण सतर्क हो गए और तुरंत घेराबंदी कर दी। भागने की कोशिश कर रहे आरोपितों में से दो को झाड़ियों में पकड़ लिया गया। हालांकि, इस दौरान ग्रामीणों ने उनकी पिटाई भी कर दी।

पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने दो भुजाली, एक डायरी समेत अन्य सामान बरामद किया है, जिससे मामले की गंभीरता बढ़ गई है। ग्रामीणों के अनुसार, ये युवक जमशेदपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि इससे पहले भी इन आरोपितों ने केंदडीह टोला में बिशु सिंह के घर पर बाइक चोरी का प्रयास किया था, लेकिन घरवालों के जाग जाने के कारण वे भाग निकले थे।

बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ जारी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। फरार आरोपित की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह गिरोह कितना बड़ा है और किन-किन घटनाओं में शामिल रहा है।

उल्लेखनीय है कि पिछले कई महीनों से बोड़ाम थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में बकरी चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही थीं, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश था। घटना के बाद शनिवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण थाना पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। इलाके में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के कारण लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।