BREAKING NEWS

logo

नया सिस्टम एक्टिव होने से मध्‍य प्रदेश में बारिश के संकेत, 15 जिलों में अलर्ट, कल रहेगा ज्यादा असर


भोपाल,मौसम के नए मौसम सिस्टम के सक्रिय होने के कारण मध्य प्रदेश के 15 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और आंधी चलने की संभावना जताई गई है। मंगलवार को ग्वालियर-चंबल अंचल में बादल छाए रहेंगे, जबकि 18 और 19 फरवरी को बारिश का असर दिखाई देगा।

मौसम विभाग ने जिन 15 जिलों के लिए चेतावनी जारी की है, उनमें ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, राजगढ़, आगर-मालवा, नीमच, मंदसौर, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर शामिल हैं। सबसे ज्यादा प्रभाव 18 फरवरी को रहेगा। 


19 फरवरी को हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं, हालांकि तेज बारिश की संभावना कम है। पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) के प्रभाव से ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग के कुछ जिलों में बादल छा सकते हैं। इससे दिन के तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है। पूर्वानुमान है कि 17 फरवरी को कुछ जिलों में बादल छाए रह सकते हैं। भोपाल और इंदौर में दिन के समय गर्मी का असर रहेगा। 18 फरवरी को 15 जिलों में बारिश, गरज-चमक और आंधी की संभावना।

इधर, प्रदेश में दिन में गर्मी महसूस हो रही है, लेकिन रात के समय ठंड बनी हुई है। सोमवार की रात कटनी के करौंदी में न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सबसे कम रहा। कल्याणपुर-पचमढ़ी में 7.6 डिग्री और राजगढ़ में 9 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। पांच बड़े शहरों में न्यूनतम तापमान भोपाल में 12.6 डिग्री, इंदौर और जबलपुर में 13 डिग्री, ग्वालियर में 13.1 डिग्री और उज्जैन में 13.4 डिग्री सेल्सियस रहा। फिलहाल प्रदेश में हल्की सर्दी का दौर जारी है। रात और सुबह ठंडक बनी रहेगी। अधिकांश शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री से ऊपर रहेगा, जबकि दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है।