मुख्यमंत्री डॉ. यादव उद्योगपतियों के साथ करेंगे वन-टू-वन संवाद
भोपाल, मध्य प्रदेश सरकार द्वारा निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज गुरुवार को राजस्थान के भीलवाड़ा में ‘मध्य प्रदेश में निवेश संभावनाओं पर इंटरैक्टिव सेशन’ का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस सेशन में उद्योपतियों के साथ वन-टू-वन संवाद करेंगे।
जनसम्पर्क अधिकारी क्रांतिदीप अलूने ने बताया कि भीलवाड़ा के ‘द ऑरियम रिसॉर्ट्स एंड इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर’ में प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक ‘इन्वेस्ट मध्य प्रदेश’ पहल के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में उद्योग जगत के प्रतिनिधि, प्रमुख औद्योगिक समूह और निवेशक भाग लेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव इंटरैक्टिव सेशन में निवेशकों से संवाद करेंगे और राज्य की औद्योगिक नीतियों, निवेश-अनुकूल वातावरण तथा विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों की रूपरेखा प्रस्तुत करेंगे।
आयोजन में औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन तथा एमएसएमई विभाग के प्रमुख सचिव राघवेंद्र कुमार सिंह मध्य प्रदेश में निवेश संभावनाओं पर विस्तृत प्रस्तुति देंगे। सेशन में एलएनजे भीलवाड़ा ग्रुप एवं मेवाड़ चैंबर ऑफ कॉमर्स सहित प्रमुख उद्योगपति भी विचार साझा करेंगे। कार्यक्रम में नेटवर्किंग लंच के साथ चयनित उद्योगपतियों के साथ वन-टू-वन बैठक तथा टेक्सटाइल राउंड टेबल चर्चा भी आयोजित की जाएगी।
इस सत्र में राज्य सरकार के प्रतिनिधि निवेशकों के प्रत्यक्ष संवाद करेंगे। इंटरैक्टिव सेशन से मध्य प्रदेश सरकार राज्य की औद्योगिक संभावनाओं, बुनियादी ढांचे, लॉजिस्टिक कनेक्टिविटी, एमएसएमई प्रोत्साहन और टेक्सटाइल समेत विभिन्न सेक्टरों में उपलब्ध अवसरों की जानकारी प्रस्तुत करेगी।
राजस्थान के भीलवाड़ा में आज मप्र में निवेश संभावनाओं पर इंटरैक्टिव सेशन का आयोजन





