मुख्यमंत्री डॉ. यादव रोड शो के साथ विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन
भोपाल, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज बुधवार को ग्वालियर जिले के ग्राम कुलैथ में आयोजित कृषक कल्याण वर्ष के पहले राज्य स्तरीय विशाल एवं भव्य किसान सम्मेलन का शुभारंभ करेंगे।
जनसम्पर्क अधिकारी हितेंद्र सिंह भदौरिया ने भदौरिया ने बताया कि मौजूदा साल (वर्ष-2026) को प्रदेश में किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। किसान कल्याण वर्ष का पहला किसान सम्मेलन मुख्यमंत्री डॉ. यादव के मुख्य आतिथ्य में आज दोपहर में ग्राम कुलैथ में आयोजित हो रहा है। इस अवसर पर सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत किसानों को हितलाभ वितरित किए जाएंगे। साथ ही उन्नत कृषि तकनीक पर प्रदर्शनी भी लगेगी। प्रदर्शनी में उद्यानिकी, प्राकृतिक खेती व पशु नस्ल सुधार को प्रमुखता से शामिल किया गया है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव 87.86 करोड़ रुपये लागत के 41 विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण भी करेंगे। किसान सम्मेलन में विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर एवं सांसद भारत सिंह कुशवाह सहित अन्य अतिथिगण शामिल होंगे।
प्रस्ताविक कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. यादव ग्राम कुलैथ में पहुँचने के बाद रोड शो के जरिए किसानों का अभिवादन करेंगे। इसके बाद किसान सम्मेलन परिसर में लगाई गई कृषि प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। इसी क्रम में दीप प्रज्ज्वलन कर किसान सम्मेलन का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद पुष्प वर्षा कर कार्यक्रम में मौजूद कृषकों का सम्मान करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा इस अवसर पर लगभग 88 करोड़ रुपये लागत के 41 विकास कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण भी किया जायेगा। इनमें 66 करोड़ 56 लाख रुपये लागत के कार्यों का लोकार्पण और 20 करोड़ 64 लाख रुपये लागत के कार्यों का भूमिपूजन शामिल हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव इसी क्रम में सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत हितलाभ भी वितरित करेंगे। साथ ही स्थानीय किसानों द्वारा आयोजित पारंपरिक बैलगाड़ी दौड़ का अवलोकन करेंगे और कन्हैया लोकगीतों का आनंद लेंगे।
मप्रः कृषक कल्याण वर्ष का पहला किसान सम्मेलन आज ग्वालियर के कुलैथ में





