रांची, । रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के लटमा स्थित नागेश्वर इन्क्लेव में एक महिला ने अपने दो बच्चों के साथ खुदकुशी कर ली। मामला रविवार को प्रकाश में आया है। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची जगन्नाथपुर पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार लटमा निवासी ब्रजेश सिंह की पत्नी संयुक्ता सिंह (34) और उनके दो बच्चों आराध्या सिंह (14) और आरव सिंह (12) का शव उनके कमरे से बरामद किया गया है। तीनों ने एक साथ खुदकुशी की है। खुदकुशी का कारण आर्थिक तंगी और शादी के बाद उत्पन्न घरेलू कलह बताया जा रहा है।
स्थानीय लोगों की सूचना पर जगन्नाथपुर पुलिस और फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम मौके पर पहुंची और घटना की जांच की। एफएसएल की टीम मौके से कई नमूने एकत्र कर जांच के लिए साथ ले गयी है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतका संयुक्ता सिंह का पति ब्रजेश सिंह से संबंध अच्छे नहीं थे। संयुक्ता अपने पति ब्रजेश को प्रताड़ित करती थीं, मामला तलाक तक पहुंच गया था। तलाक का मामला अभी अदालत में है और अदालती चक्कर में ब्रजेश सिंह के साथ-साथ संयुक्ता की आर्थिक स्थिति भी काफी खराब हो गई थी। पिछले तीन साल से ब्रजेश सिंह बिहार के जिला औरंगाबाद स्थित अपने गांव में रहते थे, जबकि संयुक्ता अपने दोनों बच्चों के साथ लटमा स्थित फ्लैट नंबर 106 में रहती थीं।
स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि जिस फ्लैट में संयुक्ता सिंह अपने बच्चों के साथ रहती थीं, वह भी बैंक में गिरवी रखा हुआ था। वह दोनों बच्चों की स्कूल फीस भी समय पर नहीं भर पा रही थीं। पड़ोसियों ने आशंका जताई है कि आर्थिक तंगी के कारण ही संयुक्ता सिंह ने अपने दोनों बच्चों के साथ खुदकुशी की होगी।
दरअसल, शनिवार की रात और रविवार सुबह जब संयुक्ता सिंह के फ्लैट का दरवाजा नहीं खुला,तो कुछ लोगों ने पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस टीम जब फ्लैट के अंदर पहुंची, तो संयुक्ता और उनके दोनों बच्चों के शव ड्राइंग रूम में पड़े मिले। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। बृजेश सिंह को भी उनकी पत्नी और दोनों बच्चों की मौत की सूचना दी गई, जिसके बाद वे रांची पहुंचे हैं।
हटिया के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) पीके मिश्रा ने भी बताया कि महिला ने अपने दो बच्चों के साथ खुदकुशी कर ली है। पूरे मामले की गहनता से जांच-पड़ताल की जा रही है।
रांची में महिला ने अपने दो बच्चों संग की खुदकुशी, जांच में जुटी पुलिस
