बिहार विधानसभा में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का भव्य स्वागत
पटना, 10 फ़रवरी (राएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार बिहार विधानसभा पहुंचे नितिन नवीन का सदन में विभिन्न दलों के सदस्यों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बिहार विधानसभा में अपने सम्मान के लिए सदन के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एक विधायक के रूप में जिस प्रकार आज उन्हें सम्मान दिया गया, वह उनके लिए भावुक और अविस्मरणीय क्षण है।
नितिन नवीन ने कहा, मैंने कभी कल्पना नहीं की थी कि आज का दिन इस रूप में आएगा। यह मेरे व्यक्तिगत प्रयास का नहीं, बल्कि आप सभी वरिष्ठ नेताओं और साथियों के मार्गदर्शन तथा आशीर्वाद का परिणाम है। मैं पूरे सदन को इसके लिए धन्यवाद देता हूं।उन्होंने मुख्यमंत्री, वरिष्ठ मंत्रियों तथा विभिन्न दलों के नेताओं का नाम लेकर आभार प्रकट किया और कहा कि सदन में काम करते हुए उन्होंने लोकतांत्रिक मर्यादाओं, अनुशासन और जनप्रतिनिधि के दायित्वों को समझना सीखा है।नवीन ने कहा कि राजनीति में आने वाले नए लोगों के लिए सदन एक शिक्षालय की तरह है, जहां पार्टी की विचारधारा के साथ-साथ जनता के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने और सदन की गरिमा बनाए रखने की सीख मिलती है। एक विधायक के रूप में हमें जनता की आवाज भी उठानी होती है और सदन की मर्यादा का भी ध्यान रखना होता है। इन दोनों के संतुलन से ही लोकतंत्र मजबूत होता है।
उन्होंने मुख्यमंत्री के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि विधायक बनने के बाद उन्होंने शासन में पारदर्शिता और सुशासन की प्रक्रिया को करीब से देखा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सेवा भावना और राज्य में सुशासन की स्थापना से प्रेरणा मिलती रही है।नितिन नवीन ने कहा कि सदन और सरकार में रहते हुए छोटी-बड़ी घटनाओं से बहुत कुछ सीखने को मिला है। उन्होंने विश्वास जताया कि नए दायित्व के साथ भी वे लोकतांत्रिक मूल्यों, अनुशासन और जनसेवा की भावना को सर्वोपरि रखेंगे।
इस अवसर पर सत्ता पक्ष और सहयोगी दलों के नेताओं ने इसे बिहार के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया और उनके नेतृत्व में संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचने की कामना की। बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालने वाले भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नितिन नवीन का चयन सदन के लिए विशेष गौरव का विषय है। उन्होंने विधानसभा की ओर से उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में इस सदन के एक सदस्य का चयन होना पूरे सदन और बिहार की जनता के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि नितिन नवीन लंबे समय से सदन के सक्रिय सदस्य रहे हैं और अपनी कुशलता, सरलता तथा सुलभ व्यवहार से उन्होंने अलग पहचान बनाई है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि साधारण कार्यकर्ता से शीर्ष नेतृत्व तक की उनकी यात्रा लोकतांत्रिक व्यवस्था में समर्पण और ईमानदारी के साथ किए गए कार्य का परिणाम है। यह भारतीय जनता पार्टी की उस कार्यसंस्कृति को भी दर्शाता है, जहां सेवा भाव से कार्य करने वाले प्रत्येक कार्यकर्ता को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इसे ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि पहली बार इस सदन का कोई सदस्य विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय नेतृत्व द्वारा बिहार को यह जिम्मेदारी देना राज्य के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने नितिन नवीन के मंत्री के रूप में किए गए कार्यों विशेषकर पथ निर्माण एवं निवेश के क्षेत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में संगठन और अधिक सशक्त होगा।
लोजपा (रामविलास) के विधायक राजू तिवारी ने चिराग पासवान की ओर से शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पूरे बिहार के लिए गौरव का विषय है। राष्ट्रीय लोक मोर्चा के माधव आनंद ने उपेंद्र कुशवाहा की ओर से बधाई देते हुए कहा कि यह सदन के लिए ऐतिहासिक दिन है। उन्होंने कहा कि जिस बिहार को कभी उपेक्षित दृष्टि से देखा जाता था, आज उसी बिहार के नेता को विश्व की सबसे बड़ी पार्टी का नेतृत्व सौंपा गया है। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) की ज्योति मांझी ने 45 वर्ष की आयु में राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने को उल्लेखनीय उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि नितिन नवीन ने विधायक और मंत्री के रूप में राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और उनके नेतृत्व में पार्टी नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगी।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने इसे सदन के लिए गौरवशाली क्षण बताते हुए कहा कि नितिन नवीन का चयन पार्टी की कार्यकर्ता आधारित संस्कृति को दर्शाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में पार्टी उन राज्यों में भी विस्तार करेगी, जहां अभी संगठन को सुदृढ़ करने की आवश्यकता है। सदस्यों ने भी उनके सरल, सहज और कुशल व्यक्तित्व की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि बिहार की प्रतिभा और राजनीतिक चेतना का प्रमाण है। सदन में सर्वदलीय भावना के साथ नितिन नवीन को बधाई दी गई और उनके सफल कार्यकाल की कामना की गई।

