BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

पलामू में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान की शुरुआत


स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने पर जोर, 1 अक्टूबर को होगा सामूहिक श्रमदान
मेदिनीनगर। पलामू समाहरणालय सभागार में शनिवार को ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान की शुरुआत हुई। इस अवसर पर उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों के साथ अभियान को प्रभावी बनाने को लेकर चर्चा की और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि स्वच्छता को महज अभियान तक सीमित न रखकर निरंतर चलने वाले जनआंदोलन के रूप में विकसित किया जाना चाहिए। इसके लिए प्रशासन के साथ आम नागरिकों की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने पर्यटन स्थलों पर विशेष ध्यान देते हुए वहां साफ-सफाई के साथ लोगों में स्वच्छता के प्रति व्यवहार परिवर्तन लाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों को भी अभियान से व्यापक रूप से जोड़ा जाएगा। स्कूलों में स्वच्छता गतिविधियों के साथ गार्बेज कलेक्शन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, ताकि बच्चों में कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़े।
अभियान के तहत ठोस कचरा प्रबंधन नियम-2026, चार प्रकार के कचरा पृथक्करण और ‘Reduce, Reuse और Recycle’ यानी 3R को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। Garbage Vulnerable Points (GVP) और Cleanliness Target Units (CTU) की सफाई कर उन्हें आकर्षक बनाने की दिशा में भी कार्य होगा।
सार्वजनिक स्थलों, बाजारों और ग्रामीण हाटों में कचरा प्रबंधन, सिंगल यूज प्लास्टिक के त्याग और कपड़े के थैले के इस्तेमाल को लेकर जागरूकता फैलाई जाएगी। गांवों में सामुदायिक स्वच्छता परिसरों और जलस्रोतों की सफाई पर भी विशेष ध्यान रहेगा।
उपायुक्त ने 1 अक्टूबर को ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ श्रमदान के तहत सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को कार्यालय परिसर की सफाई में भाग लेने का निर्देश दिया। इस दौरान सामुदायिक स्थलों पर श्रमदान, स्वच्छता शपथ और चिह्नित स्थलों की सफाई की जाएगी।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त सादात अनवर, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।