सूरजपुर, 20 मार्च । सूरजपुर जिले के 410 खिलाड़ी संभाग स्तरीय सरगुजा ओलंपिक में भाग लेने के लिए आज शुक्रवार को रवाना हुए। जिला पंचायत सीईओ ने हरी झंडी दिखाकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।
जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संभाग स्तरीय सरगुजा ओलंपिक प्रतियोगिता में भाग लेने जा रहे खिलाड़ियों को आज रवाना किया गया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले ने खिलाड़ियों से भरी बस को हरी झंडी दिखाकर उत्साहपूर्वक रवाना किया।
यह प्रतियोगिता 21 से 23 मार्च 2026 तक सरगुजा में आयोजित की जाएगी, जिसमें जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ी संभाग स्तर पर सूरजपुर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रतियोगिता में सूरजपुर जिले से कुल 410 खिलाड़ी 12 विभिन्न खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। जिले के इन खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है।
जिला प्रशासन ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है और प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया है।
सूरजपुर : सरगुजा ओलंपिक के लिए 410 खिलाड़ी रवाना, सीईओ ने हरी झंडी दिखाकर किया उत्साहवर्धन
