पटना: सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर सैनिक कल्याण
निदेशालय के निदेशक ब्रिगेडियर मृगेन्द्र कुमार ने रविवार को मुख्यमंत्री
नीतीश कुमार से 1 अणे मार्ग स्थित उनके आवास पर मुलाकात की और उन्हें
सशस्त्र सेना झंडा दिवस का फ्लैग लगाया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने
बिहार स्टेट एक्स सर्विसमैन बेनेवोलेंट फंड में अंशदान कर देश के जवानों के
प्रति सम्मान और समर्थन व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा
में सैनिकों का योगदान अविस्मरणीय है और उनकी वीरता तथा बलिदान सदैव याद
रखे जाएंगे।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा, "हमारे सैनिक राष्ट्र
की सुरक्षा के लिए अपनी जान तक न्योछावर कर देते हैं। बाह्य और आंतरिक
दोनों प्रकार के खतरों का वे पूरा साहस और निष्ठा के साथ सामना करते हैं।
उनकी कुर्बानियां अमर हैं।"
मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों से भी अपील
की कि वे सैनिक कल्याण और पुनर्वास के लिए बेनेवोलेंट फंड में सहयोग करें,
ताकि पूर्व सैनिकों और वीर शहीदों के परिवारों को समर्थन मिल सके।
इस
अवसर पर राज्य के जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, गृह
विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी, गृह विभाग के सचिव प्रणव
कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, निदेशक ब्रिगेडियर
मृगेन्द्र कुमार, कर्नल संतोष कुमार त्रिपाठी और कर्नल मनोज कुमार सहित कई
अधिकारी उपस्थित थे।