सारण: एशिया के सबसे बड़े और ऐतिहासिक हरिहर क्षेत्र सोनपुर
मेले के मंच से एक नई प्रतिभा ने जन्म लिया है। मेले में पहली बार आयोजित
'सोनपुर आइडल' गायन प्रतियोगिता के पहले संस्करण का ग्रैंड फिनाले बेहद
रोमांचक रहा। जिसमें कड़े मुकाबले के बाद सारण के युवा गायक रौनक रत्न को
'सोनपुर आइडल' का विजेता घोषित किया गया।
रौनक ने न केवल मुख्य निर्णायक को
प्रभावित किया, बल्कि अपनी जीत से पूरे सारण क्षेत्र का मान भी बढ़ाया है।
पूरे बिहार से आए सैकड़ों कलाकारों के बीच लंबी प्रतिस्पर्धा के बाद पाँच
बेहतरीन प्रतिभागी अंतिम दौर में पहुँचे थे।
पर्यटन विभाग के मुख्य
पंडाल में आयोजित इस ग्रैंड फिनाले में निर्णायक की भूमिका में मौजूद देश
की जानी-मानी गायिका पद्मश्री अनुराधा पौडवाल ने रौनक की बहुमुखी गायन
प्रतिभा की खुलकर प्रशंसा की।

