BREAKING NEWS

logo

श्रीलंका के पूर्व मंत्री केहेलिया का बेटा रामिथ भी गिरफ्तार


। श्रीलंका के पूर्व मंत्री केहेलिया रामबुकवेला के बेटे और पूर्व क्रिकेटर रामिथ रामबुकवेला को भी भ्रष्टाचार जांच आयोग ने लगभग 10 घंटे की पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। कुछ दिन पहले कोलंबो की एक अदालत ने उनके पिता से जुड़े मामले में उन्हें संदिग्ध के रूप में नामित करने की अनुमति प्रदान की थी।

डेली न्यूज की खबर के अनुसार, केहेलिया ने भ्रष्टाचार का खुलासा होने पर फरवरी 2024 में अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। वह इस समय अदालत के आदेश पर पूछताछ के लिए पुलिस हिरासत में हैं। श्रीलंका के समाचार पोर्टल न्यूज फर्स्ट के अनुसार, रामिथ रामबुकवेला आज सुबह भ्रष्टाचार जांच आयोग के समक्ष पेश हुए। कोलंबो के मुख्य मजिस्ट्रेट की अदालत ने 20 मई को सुनवाई के दौरान पूर्व मंत्री केहेलिया रामबुकवेला के बेटे रामिथ रामबुकवेला को अगले दिन आयोग के समक्ष पेश होने का आदेश दिया था। यह भ्रष्टाचार आठ मिलियन रुपये से अधिक का बताया गया है।

केहेलिया रामबुकवेला 2021 से 2023 तक मास मीडिया, स्वास्थ्य और पर्यावरण मंत्री रह चुके हैं। यह भ्रष्टाचार उसी समय का बताया जा रहा है। आरोप है कि उन्होंने नकली दवा खदीद घोटाले के अलावा अपने कार्यकाल के दौरान निजी कर्मचारियों में कई करीबी सहयोगियों को नियुक्त किया और उनकी ओर से अवैध रूप से भत्ते प्राप्त किए। आयोग की जांच में सामने आया है कि इससे सरकार को आठ मिलियन रुपये से अधिक का वित्तीय नुकसान हुआ है। उनका बेटा रमिथ रामबुकवेला इस मामले दूसरा संदिग्ध बताया गया है।