BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

कोलकाता मेट्रो येलो और ऑरेंज लाइन को जोड़ने की तैयारी, एयरपोर्ट एक्सेस रोड पर तीन दिनों का ट्रैफिक ब्लॉक लागू


कोलकाता, । कोलकाता मेट्रो का विस्तार कार्य अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है। नोआपाड़ा से एयरपोर्ट तक प्रस्तावित येलो लाइन के उद्घाटन से पहले जहां रेलवे सुरक्षा आयुक्त के निरीक्षण की प्रतीक्षा की जा रही है, वहीं दूसरी ओर न्यू गरिया से एयरपोर्ट तक की ऑरेंज लाइन को येलो लाइन से जोड़ने की दिशा में भी अहम कदम उठाए जा रहे हैं।

इस जुड़ाव के तहत एयरपोर्ट स्टेशन से लगभग 400 मीटर पहले सुरंग मार्ग में दोनों मेट्रो लाइनों को जोड़ा जाएगा। इस निर्माण कार्य की जिम्मेदारी निभा रही रेल विकास निगम लिमिटेड ने इसके लिए बड़ी रणनीति के तहत एयरपोर्ट की ओर जाने वाली मुख्य ट्रंक रोड पर तीन दिनों का ट्रैफिक ब्लॉक लागू किया है।

ब्लॉक के दौरान सड़क के मध्य स्थित डिवाइडर को अस्थायी रूप से हटाकर दोनों ओर की तीन-तीन लेनों को दो-दो लेन में परिवर्तित किया गया है। इससे निर्माण एजेंसी को सुरंग खुदाई और निर्माण के लिए आवश्यक फ्लैंक लेनों तक सीधी पहुंच प्राप्त हो रही है।

रेल विकास निगम के अधिकारियों के अनुसार, इस सुरंग के माध्यम से येलो और ऑरेंज लाइन की ट्रेनों के बीच तकनीकी और परिचालन स्तर पर समन्वय स्थापित किया जाएगा, जिससे दोनों रूट आपस में निर्बाध रूप से जुड़ सकें।

गौरतलब है कि इस दौरान यात्रियों और आमजन को कुछ असुविधाओं का सामना करना पड़ सकता है, लेकिन यह अस्थायी बाधा भविष्य में मेट्रो सेवाओं को और अधिक कुशल, तेज और सुविधाजनक बनाने के लिए बेहद आवश्यक है।

निर्माण कार्य पूरा होने के पश्चात रेलवे सुरक्षा आयुक्त द्वारा येलो लाइन का निरीक्षण किया जाएगा, जिसमें ऑरेंज लाइन से प्रस्तावित निर्माण हो रहे हैं जुड़ाव को भी शामिल किया जाएगा। यह परियोजना कोलकाता मेट्रो नेटवर्क के एकीकृत और आधुनिक स्वरूप की दिशा में एक अहम कदम साबित होगी।