कोलकाता: शहर का प्रमुख साहित्यिक आयोजन एपीजे कोलकाता साहित्य
महोत्सव अगले वर्ष नौ जनवरी से 11 जनवरी तक आयोजित किया जाएगा। आयोजकों
ने सोमवार रात एक बयान में बताया है कि यह तीन दिवसीय महोत्सव साहित्य,
सिनेमा, संगीत, इतिहास, राजनीति, भोजन, संस्कृति और समकालीन सामाजिक
मुद्दों पर संवाद का व्यापक मंच पेश करेगा।
इस बार कार्यक्रम में
देश-विदेश के कई चर्चित लेखक, चिंतक, कलाकार और सार्वजनिक हस्तियां शामिल
होंगी। अक्षय जैतली, आनंद नीलकंठन, अनीता अग्निहोत्री, अपर्णा सेन, बाची
कर्करिया, बृंदा करात, शशि थरूर, हेल्मुट बोटिगर, दुर्जय दत्ता, जैरी
पिंटो, रत्नाबोली रे, रुचिर जोशी, शोभा डे, ऊषा उथुप और विजेन्दर चौहान
जैसे कई नाम विभिन्न सत्रों में भाग लेंगे।
महोत्सव का आयोजन शहर के
तीन प्रमुख स्थलों पर होगा, अलिपुर म्यूजियम, ऑक्सफोर्ड बुकस्टोर और द
पार्क, कोलकाता। एकेएलएफ की निदेशक अंजुम कटियाल ने कहा कि 2026 संस्करण
में जेंडर, इतिहास और अनुवाद जैसे मुद्दों पर विशेष फोकस रहेगा, जो वर्तमान
सामाजिक चर्चा के केंद्र में हैं।
इसके साथ ही ऑक्सफोर्ड बुकस्टोर
में ऑक्सफोर्ड जूनियर लिटरेरी फेस्टिवल का भी आयोजन होगा, जिसमें बच्चों और
युवा पाठकों के लिए ‘मीट द ऑथर’ सत्र, रचनात्मक कार्यशालाएं, वर्ड गेम्स
और स्टोरीटेलिंग का विशेष कार्यक्रम रखा गया है।