कोलकाता। महानगर कोलकाता में एक बार फिर बस के धक्के से एक
महिला की मौत की घटना शुक्रवार सुबह सामने आई है। इस घटना में चार लोग घायल
हुए हैं। यह दुर्घटना महात्मा गांधी रोड और कलाकार स्ट्रीट के चौराहे पर
हुई।
मिली जानकारी के अनुसार, यात्रियों से भरी बस शुक्रवार सुबह
हावड़ा से सियालदह जा रही थी। उसी समय महात्मा गांधी रोड और कलाकार स्ट्रीट
के चौराहे पर बस का ब्रेक फेल होने कारण वह क्षतिग्रस्त हो गई और फुटपाथ
के गार्डवाल से टकरा गई। उसी समय चार महिलाएं वहां से जा रही थीं जो घायल
हो गई। घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया है। जहां एक महिला को
मृत घोषित कर दिया गया। घायलों में एक बच्चा भी शामिल है। खबर मिलते ही
बड़ी संख्या में पुलिस बल वहां पहुंची। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा।
एक घायल महिला की हालत गंभीर है। पुलिस ने बस चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
दुर्घटना में शामिल बस को जब्त कर लिया गया है। इस घटना के कारण इलाके में
जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित
किया।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में कोलकाता में बस चालकों
की लापरवाह के कारण कई दुर्घटनाएं हुई हैं। पिछले साल नवंबर में साल्टलेक
में गेट नंबर दो के पास बस दुर्घटना में तीसरी कक्षा के छात्र की मौत हो
गई थी। 31 दिसंबर को तेलंगाबागान के पास हावड़ा-बारासात रूट की बस और
बागबाजार-गरिया स्टेशन रूट की बस के बीच हुई टक्कर में एक महिला गंभीर रूप
से घायल हो गई थी। पिछले साल सड़क दुर्घटनाओं खासकर विधाननगर में हुई सड़क
दुर्घटना को देखते हुए मुख्यमंत्री ने परिवहन मंत्री को ओवरटेकिंग की
घटनाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया था।