BREAKING NEWS

logo

बिहार के सारण में आर्केस्ट्रा से 7 नाबालिग लड़कियां मुक्त, एक गिरफ्तार


सारण, 26 जून । राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग और अपर पुलिस महानिदेशक कमजोर वर्ग के निर्देश पर सारण पुलिस ने मानव तस्करी के खिलाफ एक कार्रवाई की है। वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के मार्गदर्शन में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और महिला थाना की टीम ने मढ़ौरा तथा खैरा थाना क्षेत्रों में संचालित आर्केस्ट्रा केंद्रों पर सघन छापेमारी की।

वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार छापामारी के दौरान जबरन प्रताड़ित कर नृत्य कराए जाने के चंगुल से 7 नाबालिग व पीड़ित लड़कियों को मुक्त कराया गया। रेस्क्यू की गई लड़कियों में पांच पश्चिम बंगाल, एक बिहार और एक ओडिशा की रहने वाली हैं। पुलिस ने मौके से एक अभियुक्त मोहताब हुसैन निवासी नगरा, सारण को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में दिल्ली की 'रेस्क्यू फाउंडेशन' और अन्वेषण अधिकारी की टीम ने भी सहयोग किया।

इस मामले में महिला थाने में बीएनएस, पॉक्सो एक्ट, जेजे एक्ट, बंधुआ मजदूर अधिनियम और आईटीपीए एक्ट की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। सारण पुलिस ने बताया कि महिलाओं के शोषण के खिलाफ आवाज दो अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। पुलिस ने जनता से अपील की है कि ऐसी किसी भी शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 9031600191 पर सूचना दें।