अररिया, 22 जून । भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 52वीं वाहिनी ने 147 बोतल नेपाली शराब जब्त की है। यह कार्रवाई बीती देर रात सिकटी क्षेत्र में भारत-नेपाल सीमा के समीप गश्त के दौरान की गई।
एसएसबी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आमबारी कंपनी के जवान सीमा क्षेत्र में नियमित गश्त कर रहे थे। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर जवानों ने कार्रवाई की। एसएसबी को देखते ही तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर नेपाल की ओर भाग निकला। हालांकि जवानों ने मौके से बड़ी मात्रा में शराब बरामद कर ली।
जब्त शराब नेपाल निर्मित है। बरामद 147 बोतलों में प्रत्येक बोतल 300 मिलीलीटर की है। कुल मिलाकर लगभग 44 लीटर नेपाली शराब जब्त की गई है।
एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि बरामद शराब को जब्ती सूची तैयार कर अग्रिम कार्रवाई के लिए मद्य निषेध विभाग, अररिया के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में तस्कर की पहचान करने और उसके नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
एसएसबी 52वीं वाहिनी मुख्यालय, अररिया की ओर से जारी जानकारी में यह भी बताया गया कि सीमा क्षेत्र में तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार गश्त और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। जवानों को सीमा पार से होने वाली अवैध तस्करी पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी ने 147 बोतल नेपाली शराब की जब्त, तस्कर फरार





