BREAKING NEWS

logo

कोसी नदी में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नाव से 720 लीटर नेपाली शराब बरामद


सुपौल, 26 जून । बिहार में शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए सुपौल पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में रतनपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोसी नदी में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में नेपाली शराब बरामद की है। छापेमारी के दौरान एक लकड़ी की नाव से 720 लीटर नेपाली शराब जब्त की गई, हालांकि तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, 25 जून को रतनपुरा थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि कोसी नदी के रास्ते नाव के माध्यम से भारी मात्रा में नेपाली शराब की खेप तस्करी कर लाई जा रही है। सूचना मिलते ही इसकी जानकारी वरीय अधिकारियों को दी गई।पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वीरपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।

इसके बाद कोसी नदी में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान एक संदिग्ध नाव को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें बड़ी मात्रा में नेपाली शराब बरामद हुई। पुलिस ने नाव को कब्जे में लेकर कोसी नदी के पूर्वी तट पर पहुंचाया और विस्तृत तलाशी के दौरान कुल 720 लीटर नेपाली शराब बरामद की।

शराब की खेप के परिवहन में प्रयुक्त एक लकड़ी की नाव को भी जब्त कर लिया गया है।इस मामले में रतनपुरा थाना में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। फरार तस्कर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी अभियान चला रही है।