BREAKING NEWS

logo

झामुमो महिला मोर्चा अध्यक्ष से मारपीट मामले में एक आरोपित गिरफ्तार


छह नामजद आरोपितों में राकेश कुमार सिंह को पुलिस ने भेजा जेल, अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

केतार। झामुमो महिला मोर्चा की प्रखंड अध्यक्ष फूल कुमारी देवी के साथ मारपीट के मामले में केतार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नामजद आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में गढ़वा जेल भेज दिया है। पुलिस ने सोमवार को ताली गांव निवासी अनिल सिंह के पुत्र राकेश कुमार सिंह (23) को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, मामले में केतार थाना कांड संख्या 45/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी में छह लोगों को नामजद आरोपित बनाया गया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

घर के बाहर लाठी-डंडे से हुई थी मारपीट

गौरतलब है कि शनिवार की शाम ताली गांव में फूल कुमारी देवी के घर के बाहर उनके साथ लाठी-डंडे से मारपीट की गई थी। घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। पीड़िता की ओर से केतार थाना में आवेदन देकर छह लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।

प्राथमिकी में हत्या के प्रयास, मारपीट, गंभीर चोट पहुंचाने, महिला की लज्जा भंग करने, पीछा करने, चोरी, आपराधिक धमकी एवं गैरकानूनी जमावड़ा समेत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की। एक आरोपित की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस अन्य नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल किसी भी आरोपित को बख्शा नहीं जाएगा। जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गढ़वा सदर अस्पताल में चल रहा इलाज

इधर, मारपीट में घायल फूल कुमारी देवी का इलाज सदर अस्पताल, गढ़वा में चिकित्सकों की निगरानी में चल रहा है। घटना के बाद से क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।