BREAKING NEWS

logo

झारखंड हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति प्रदीप कुमार श्रीवास्तव ने किए बाबा बंशीधर व राजा पहाड़ी के दर्शन


श्री बंशीधर नगर(गढ़वा)। झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति प्रदीप कुमार श्रीवास्तव रविवार को अपनी पत्नी रत्ना श्रीवास्तव एवं बच्चों के साथ बंशीधर नगर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विश्वविख्यात बाबा बंशीधर मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान श्री बंशीधर का दर्शन किया। मंदिर के पुजारी चंद्रशेखर तिवारी ने वैदिक रीति-रिवाज के साथ पूजा संपन्न कराई।

पूजा-अर्चना के बाद बंशीधर सूर्य मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी राजेश प्रताप देव (राजेश बच्चा), पुजारी चंद्रशेखर तिवारी, आचार्य सत्यनारायण मिश्रा एवं धीरेंद्र चौबे ने न्यायमूर्ति प्रदीप कुमार श्रीवास्तव का चुनरी ओढ़ाकर एवं मंदिर की तस्वीर भेंट कर स्वागत किया।

राजा पहाड़ी शिव मंदिर में किया रुद्राभिषेक

बाबा बंशीधर मंदिर में दर्शन के बाद न्यायमूर्ति श्रीवास्तव परिवार के साथ राजा पहाड़ी शिव मंदिर पहुंचे। यहां पुजारी रामचंद्र पाठक एवं गोविंद पाठक ने विधिवत पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक एवं आरती कराई। पूजा के दौरान न्यायमूर्ति ने जिले में शांति, खुशहाली, अमन-चैन एवं निरंतर प्रगति की कामना की।

इस अवसर पर राजा पहाड़ी शिव मंदिर प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष कामेश्वर प्रसाद एवं रजनीकांत मधुर उर्फ भोलू ने न्यायमूर्ति प्रदीप कुमार श्रीवास्तव, उनकी पत्नी रत्ना श्रीवास्तव तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश (पीडीजे) मनोज प्रसाद का बुके एवं चुनरी भेंट कर स्वागत किया। वहीं गोपाल पाठक ने मंदिर की तस्वीर भेंट की।

मौके पर एसडीजेएम सह अनुमंडलीय विधिक सेवा समिति के सचिव आलोक ओझा, एसडीएम प्रभाकर मिर्धा, एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह, पुलिस इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार आजाद, थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार सहित राजा पहाड़ी शिव मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्य मौजूद थे।