झामुमो महिला मोर्चा अध्यक्ष से घर के बाहर मारपीट, हाथ में फ्रैक्चर
केतार (गढ़वा)। प्रखंड क्षेत्र में झामुमो महिला मोर्चा की अध्यक्ष फूल कुमारी देवी के साथ घर के दरवाजे पर कथित रूप से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में उनके दाहिने हाथ में फ्रैक्चर होने की बात सामने आई है। गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवनाथपुर से सदर अस्पताल गढ़वा रेफर कर दिया। घटना का कथित वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
फूल कुमारी देवी ने बताया कि शनिवार की शाम उनके घर की दीवार से सटाकर गांव के कुछ लोग बांस का घेरान (बाड़) लगा रहे थे। इसका विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदीप सिंह समेत उनके परिवार के करीब आधा दर्जन लोगों ने लाठी-डंडे से उनके साथ मारपीट की।
अस्पताल पहुंचने पर भी धमकी देने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि मारपीट में गंभीर रूप से घायल होने के बाद वह इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवनाथपुर पहुंचीं। आरोप है कि इसके बाद भी दूसरे पक्ष के कई लोग वहां पहुंच गए और इलाज में बाधा डालते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
फूल कुमारी देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गढ़वा रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार उनके दाहिने हाथ में फ्रैक्चर हुआ है और शरीर में अंदरूनी चोटें भी आई हैं। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है और इलाज जारी है।
दूसरे पक्ष ने आरोपों से किया इनकार
वहीं, दूसरे पक्ष के प्रदीप सिंह ने फूल कुमारी देवी द्वारा लगाए गए आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि पहले फूल कुमारी देवी की ओर से गाली-गलौज की गई थी, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई।
समाचार लिखे जाने तक मामले में पुलिस की ओर से किसी कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई थी। पुलिस जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारण और मारपीट में शामिल लोगों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




