दरभंगा, 18 जून । दरभंगा जिले के हनुमाननगर प्रखंड अंतर्गत प्लस टू राजकीय उच्च विद्यालय, कोल्हंटा पटोरी परिसर में प्रस्तावित डिग्री कॉलेज के संचालन की तैयारियों का जायजा लेने हेतु जिलाधिकारी कौशल कुमार ने गुरुवार को स्थल निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने डिग्री कॉलेज के सुचारु संचालन के लिए चल रहे निर्माण एवं अन्य तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाएं, ताकि 1 जुलाई से पठन-पाठन प्रारंभ किया जा सके।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने परिसर में संचालित किए जाने वाले केंद्रीय विद्यालय से संबंधित कार्यों का भी निरीक्षण किया तथा उपलब्ध आधारभूत संरचनाओं एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
उन्होंने भवन निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का अवलोकन करते हुए चाहरदीवारी, पहुंच पथ एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
उल्लेखनीय है कि जिले के आठ प्रखंडों में 1 जुलाई से डिग्री महाविद्यालयों में पठन-पाठन शुरू किया जाना है, जिसकी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी विद्यानंद ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
डिग्री कॉलेज संचालन की तैयारी तेज, डीएम ने किया कोल्हंटा पटोरी विद्यालय का निरीक्षण





