BREAKING NEWS

logo

जियापोखर में छापेमारी, 24 कार्टन चाइनीज सेब और 5,664 पीस नेपाली फेयर लवली बरामद


किशनगंज, 20 जून । जियापोखर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर चौआभीट्ठा गांव में छापेमारी कर भारी मात्रा में विदेशी मूल के सामान बरामद किए हैं। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 24 कार्टन चाइनीज सेब और 5,664 पीस नेपाली फेयर लवली जब्त की है। मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि चौआभीट्ठा गांव के कुछ घरों में विदेशी सामान का अवैध भंडारण किया गया है। सूचना के सत्यापन के बाद थानाध्यक्ष गौतम कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संबंधित ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान चौआभीट्ठा निवासी कादिर खान के घर से 10 कार्टन चाइनीज सेब बरामद किए गए। वहीं ताहिर के घर की तलाशी में 10 कार्टन चाइनीज सेब और दो बोरा नेपाली फेयर लवली मिली।

इसके अलावा इस्माइल के घर से चार कार्टन चाइनीज सेब जब्त किए गए। पुलिस के अनुसार, छापेमारी में कुल 24 कार्टन चाइनीज सेब और दो बोरा नेपाली फेयर लवली बरामद हुई। जांच के दौरान फेयर लवली के कुल 5,664 पीस पाए गए, जिनमें प्रत्येक का वजन नौ ग्राम है। जब्त किए गए कॉस्मेटिक उत्पादों पर मेड इन नेपाल अंकित है, जबकि सेब के कार्टनों पर "HAIJIANG APPLE" लिखा हुआ मिला। कार्रवाई के दौरान कादिर खान को मौके से हिरासत में लिया गया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद सामान कहां से लाया गया तथा इसके लिए आवश्यक वैध दस्तावेज उपलब्ध हैं या नहीं। साथ ही सामान की खरीद-बिक्री और संभावित तस्करी के पहलुओं की भी जांच की जा रही है। थानाध्यक्ष गौतम कुमार ने बताया कि जब्त सामान को पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है और मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित धाराओं के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध विदेशी सामान के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।