BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

दो बाइक की टक्कर में 5 घायल, एक की हालत नाजुक


भागलपुर, 03 अप्रैल । जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र के पीरपैंती बाराहाट मुख्य सड़क एनएच-133 पर स्थित ओवरब्रिज के समीप शुक्रवार को दो मोटरसाइकिल की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। जिसमें कुल पांच लोग घायल हो गए।

हादसा इतना जबरदस्त था कि टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना में साहेबगंज जिला के सकरीगली निवासी उमेश रविदास के पुत्र पूरन रविदास गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके पीछे बैठी इनकी पत्नी को हल्की चोट लगी है।

बताया जा रहा है कि टक्कर के दौरान उनका जबड़ा उखड़ गया, जिससे उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं अन्य घायलों में मो. जहांगीर, मुन्ना मंडल, सुदामा मंडल सहित अन्य लोगों को हल्की चोटें आई हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइक तेज रफ्तार में थीं, जिसके कारण चालक नियंत्रण खो बैठे और आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने मानवता का परिचय देते हुए सभी घायलों को उठाकर पीरपैंती रेफरल अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने पूरन रविदास की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया। वहीं अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।