स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी से मिले हृदयानंद मिश्र, पलामू आने का दिया निमंत्रण
रांची। वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं झारखंड प्रदेश कांग्रेस कोऑर्डिनेशन कमेटी के सदस्य हृदयानंद मिश्र, एडवोकेट ने झारखंड के स्वास्थ्य एवं जन उपभोक्ता मामलों के मंत्री डॉ. इरफान अंसारी से औपचारिक मुलाकात की। इस दौरान राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था सहित जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान हृदयानंद मिश्र ने डॉ. इरफान अंसारी की जनसमस्याओं को सुनने और संबंधित मामलों में कार्रवाई के लिए पहल करने की कार्यशैली की सराहना की। उन्होंने कहा कि रांची, जामताड़ा और मधुपुर स्थित मंत्री के आवास पर आम लोगों एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों की लगातार मौजूदगी उनके प्रति लोगों की अपेक्षाओं को दर्शाती है।
मिश्र ने कहा कि डॉ. इरफान अंसारी स्वास्थ्य विभाग से जुड़े मामलों के साथ-साथ अन्य विभागों से संबंधित जनहित के विषयों को भी संबंधित स्तर पर उठाते रहे हैं। उन्होंने डॉ. इरफान अंसारी के पिता, पूर्व सांसद एवं पूर्व मंत्री फुरकान अंसारी के साथ अपने पुराने संबंधों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि राजीव गांधी विचार समिति की ओर से आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में वर्ष 2000 से फुरकान अंसारी कई अवसरों पर मंत्री एवं विधायक दल के नेता के रूप में शामिल हुए थे।
हृदयानंद मिश्र ने कहा कि फुरकान अंसारी की जनता से सीधे संवाद और जनसमस्याओं को प्राथमिकता देने की कार्यशैली रही है। उन्होंने कहा कि उन्हें डॉ. इरफान अंसारी के सार्वजनिक कार्यों में भी इसी पारिवारिक परंपरा की झलक दिखाई देती है।
इस अवसर पर हृदयानंद मिश्र ने स्वास्थ्य मंत्री को पलामू आने का औपचारिक निमंत्रण दिया, जिसे डॉ. इरफान अंसारी ने स्वीकार कर लिया। मिश्र ने उम्मीद जताई कि मंत्री के पलामू दौरे से जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर प्रत्यक्ष संवाद का अवसर मिलेगा और आवश्यक सुधारों को लेकर आगे की कार्रवाई को गति मिलेगी।
मुलाकात के दौरान लातेहार जिले के चंदवा के वरिष्ठ समाजसेवी प्रदीप उपाध्याय एवं अभिषेक उपाध्याय मौजूद रहे। स्वास्थ्य मंत्री के भ्राता इमरान अंसारी भी इस दौरान उपस्थित थे।





