सन्नू सिद्दीकी ने भरी हुंकार, कहा केंद्र सरकार का सपना कभी नहीं होने देंगे साकार
पलामू : प्रखंड मुख्यालय में MMDR के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से विशाल विरोध प्रदर्शन एवं धरना कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झामुमो केंद्रीय समिति के सदस्य सह उपाध्यक्ष सन्नू सिद्दीकी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों की मौजूदगी रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सन्नू सिद्दीकी ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद की। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा, “हर जोर-जुल्म की टक्कर में, संघर्ष हमारा नारा है।” उन्होंने कहा कि झारखंड की खनिज संपदा और उससे प्राप्त होने वाले राजस्व पर राज्य की जनता का पहला अधिकार है।
सन्नू सिद्दीकी ने कहा कि झारखंड प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध राज्य है और यहां की खनिज संपदा से राज्य तथा स्थानीय लोगों के हितों की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि केंद्र सरकार ऐसे कानूनों को वापस नहीं लेती है, जिनसे राज्यों के अधिकार प्रभावित होते हैं, तो झामुमो का आंदोलन आने वाले दिनों में और व्यापक रूप लेगा।
धरना-प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने MMDR कानून को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए और झारखंड के अधिकारों की रक्षा के लिए आंदोलन जारी रखने की बात कही। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल थे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया। झामुमो नेताओं ने कहा कि राज्य के जल, जंगल, जमीन और खनिज संसाधनों से जुड़े अधिकारों की रक्षा हम झारखंडवासी मिलकर करेंगे।





