BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

लायंस क्लब ऑफ मेदिनीनगर एवं बार एसोसिएशन द्वारा 26 सितंबर को लगेगा मेगा हेल्थ कैंप : डॉ रवीश


मेदिनीनगर : आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा और चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 26 सितंबर को पुराना समाहरणालय परिसर में मेगा हेल्थ चेकअप कैंप का आयोजन किया जाएगा। लायंस क्लब ऑफ मेदिनीनगर और डाल्टनगंज बार एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर की शुरुआत सुबह 11:30 बजे होगी। शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श देंगे।
लायंस क्लब ऑफ मेदिनीनगर के अध्यक्ष एवं न्यूरोसर्जन डॉ. रवीश कुमार ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य जनसेवा के साथ लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंच सकें, इसे ध्यान में रखते हुए पुराना समाहरणालय परिसर में कैंप आयोजित किया जा रहा है।
शिविर में न्यूरोसर्जन डॉ. रवीश कुमार, हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. पंकज प्रभात, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रवीण सिद्धार्थ, जनरल फिजिशियन डॉ. नेहा, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अभय कुमार, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. निशांत, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. संजय कुमार तथा फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. अमित कुमार मरीजों को परामर्श देंगे।
हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. पंकज प्रभात ने बताया कि हृदय संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोगों अथवा स्वास्थ्य जांच की जरूरत महसूस करने वाले लोग शिविर का लाभ उठा सकते हैं। आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को उनकी क्षमता के अनुसार चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने का भी प्रयास किया जाएगा।
वहीं हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रवीण सिद्धार्थ ने कहा कि कमर, गर्दन, घुटने, जोड़ों और हड्डियों से संबंधित समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। ऐसी समस्याओं की समय पर जांच और विशेषज्ञ चिकित्सक की सलाह से गंभीर स्थिति से बचने में मदद मिल सकती है।
शिविर में ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर की भी जांच की जाएगी। डॉ. श्वेता द्वारा बीपी और शुगर की जांच की जाएगी तथा आवश्यकता के अनुसार जरूरी दवाओं का वितरण भी किया जाएगा। इसके अलावा अन्य आवश्यक जांचों में संबंधित लैब की ओर से 50 प्रतिशत तक की रियायत दी जाएगी और जांच के बाद मरीजों को रिपोर्ट भी उपलब्ध कराई जाएगी।
आयोजकों ने अधिवक्ता परिवारों के साथ-साथ आम नागरिकों से भी 26 सितंबर को पुराना समाहरणालय परिसर पहुंचकर इस स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाने की अपील की है। बैठक में डॉ. अंजय कुमार, परिमल प्रसून और रणजीत मिश्रा समेत अन्य लोग मौजूद थे।