सारण, 18 जून | पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी के विशेष आग्रह पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मढ़ौरा स्थित डीजल लोकोमोटिव फैक्ट्री का दौरा करेंगे।
सांसद कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार इस दौरे का मुख्य उद्देश्य फैक्ट्री के विस्तार, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसरों के सृजन और क्षेत्र के औद्योगिक विकास को गति देना है।
तय कार्यक्रम के अनुसार, रेल मंत्री और मुख्यमंत्री पटना पहुंचने के बाद विशेष ट्रेन से सोनपुर के रास्ते छपरा आएंगे और वहां से मढ़ौरा फैक्ट्री का निरीक्षण करने पहुंचेंगे।
सांसद राजीव प्रताप रूढ़ी ने विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि मढ़ौरा स्थित लोकोमोटिव फैक्ट्री भारतीय रेलवे और जनरल इलेक्ट्रिक की साझेदारी से स्थापित देश की अत्याधुनिक रेल इंजन निर्माण इकाइयों में से एक है। लगभग 200 एकड़ में फैली यह अत्याधुनिक फैक्ट्री भारतीय रेलवे और जनरल इलेक्ट्रिक की अनुकरणीय साझेदारी का परिणाम है।
जनरल इलेक्ट्रिक विश्व की प्रतिष्ठित प्रौद्योगिकी कंपनी है, जिसकी स्थापना 1892 में थॉमस अल्वा एडिसन ने की थी। यह परियोजना मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत का एक बेहतरीन उदाहरण है। इसी दूरदर्शिता का परिणाम था कि 20 जून 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां निर्मित अंतरराष्ट्रीय स्तर के पहले निर्यात इंजन को हरी झंडी दिखाई थी, जिसे अफ्रीकी देश गिनी भेजा गया था। इस आगामी दौरे से सारण क्षेत्र में औद्योगिक और आर्थिक विकास को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद है।
रेल मंत्री और मुख्यमंत्री करेंगे मढ़ौरा लोकोमोटिव फैक्ट्री का विशेष निरीक्षण





