BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

शहीदों के सम्मान में गूंजा सीवान, पुष्पांजलि अर्पित कर लिया राष्ट्रसेवा का संकल्प


सीवान, 13 अगस्त । स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर गुरुवार को सीवान नगर स्थित शहीद सराय स्मारक पर अमर शहीदों के सम्मान में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय युवा जन जागरण सेवा संस्थान के संयोजक देवेंद्र गुप्ता के संयोजन में पिछले दो दशक से लगातार आयोजित हो रहा यह कार्यक्रम इस वर्ष भी पूरे हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। सुबह करीब नौ बजे शहीद स्मारक पर शहीद परिवारों के गणमान्य सदस्य एवं नगर के प्रबुद्ध नागरिक एकत्रित हुए और शहीदों के स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके बलिदान को शत-शत नमन किया।

रामदेव विचार मंच के जिला संयोजक अभिषेक कुमार सिंह ने कहा कि इस अवसर पर पूरे जिले के अमर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया। उन्होंने शहीद सराय में लगातार भव्य और गरिमापूर्ण आयोजन करने के लिए कार्यक्रम संयोजक देवेंद्र गुप्ता को साधुवाद दिया। उन्होंने कहा कि शहीदों का त्याग और बलिदान समाज और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।कार्यक्रम संयोजक देवेंद्र गुप्ता ने कहा कि जिन अमर शहीदों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, वे जब शहीद हुए तब युवा थे। देश के प्रति समर्पण, त्याग और कर्तव्य की भावना से प्रेरित होकर उन्होंने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

आज उपस्थित सभी लोगों को संकल्प लेना चाहिए कि अमर शहीदों की शहादत व्यर्थ नहीं जाने देंगे। देशहित में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए जरूरत पड़ने पर राष्ट्र के लिए स्वयं को समर्पित करने के लिए सदैव तत्पर रहना होगा। तभी भारत पूरे विश्व में अग्रणी देश के रूप में स्थापित हो सकेगा। कार्यक्रम के दौरान शहीद स्मारक परिसर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से गूंज उठा। उपस्थित लोगों ने शहीद बच्चन प्रसाद अमर रहें, शहीद छठ्ठु गिरी अमर रहें और शहीद झगरू साह अमर रहें के गगनभेदी नारे लगाकर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।