BREAKING NEWS

logo

अनियंत्रित बाइक ने ऑटो में मारी टक्कर, तीन घायल, एक की हालत गंभीर


सुपौल, 27 जून । जिले के बसमतिया थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार बाइक और ऑटो की टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा भैरवगंज के समीप बेला-बसमतिया सड़क पर हुआ, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार सुबह तेज गति से आ रही एक बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क पर आगे चल रहे ऑटो में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। घायलों की पहचान नेपाल के सुनसरी जिला अंतर्गत सिसवा निवासी 38 वर्षीय सरफराज आलम, परमानंदपुर पंचायत के वार्ड संख्या-06 निवासी 35 वर्षीय हरीलाल राम और 30 वर्षीय शंभू राम के रूप में हुई है।

हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए घायलों को सड़क से उठाया और बसमतिया ग्राम एंबुलेंस की सहायता से वीरपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।

घटना के बाद कुछ समय के लिए घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई और सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।वीरपुर अनुमंडलीय अस्पताल में इलाज कर रहे चिकित्सक डॉ. सौरभ सुमन ने बताया कि तीनों घायलों का प्राथमिक उपचार कर दिया गया है।

हालांकि शंभू राम की स्थिति गंभीर बनी हुई है। उनके सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है, जबकि अन्य दो घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है।