शिक्षक दिवस पर 43 शिक्षकों को मिला सम्मान, डीसी ने ‘पलामू पाठशाला’ का किया शुभारंभ
डीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत बोले—शिक्षक हैं भविष्य के निर्माता, बच्चे का भविष्य संवारना सबसे बड़ी जिम्मेदारी
मेदिनीनगर, 5 सितंबर। शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को मेदिनीनगर के टाउन हॉल में जिला प्रशासन की ओर से शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान विभिन्न विषयों एवं क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 43 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। समारोह में डीसी ने माउस पर क्लिक कर जिले के विद्यार्थियों के लिए ‘पलामू पाठशाला’ यूट्यूब चैनल का भी शुभारंभ किया।
कार्यक्रम की शुरुआत उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, उप विकास आयुक्त सादात अनवर, सहायक समाहर्ता ऋत्विक मेहता सहित अन्य पदाधिकारियों द्वारा भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके बाद दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया गया।
‘पलामू पाठशाला’ से विद्यार्थियों को मिलेगी गुणवत्तापूर्ण डिजिटल शिक्षा
डीसी ने ‘पलामू पाठशाला’ यूट्यूब चैनल का शुभारंभ करते हुए कहा कि वर्तमान समय में तकनीक शिक्षा का प्रभावी माध्यम बन चुकी है। इस पहल के तहत जिले के विभिन्न विषयों के दक्ष शिक्षक अपने लेक्चर रिकॉर्ड कर चैनल पर अपलोड करेंगे। इससे विद्यार्थियों को घर बैठे विषयवार गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध हो सकेगी।
उन्होंने कहा कि जिले के ऐसे क्षेत्रों में, जहां विषयवार शिक्षकों की कमी है, वहां डिजिटल माध्यम से शैक्षणिक अंतर को कम करने में यह पहल महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।





