बेतला में कांग्रेस शिक्षा विभाग ने मनाया शिक्षक दिवस, शिक्षकों को किया सम्मानित
बिट्टू पाठक ने कहा—शिक्षक समाज निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी, विधायक रामचंद्र सिंह बोले- शिक्षा से ही सशक्त भारत का निर्माण
पलामू : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी शिक्षा विभाग के तत्वावधान में शनिवार को भारत के पूर्व राष्ट्रपति, महान शिक्षाविद एवं दार्शनिक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर शिक्षक दिवस एवं सम्मान समारोह का आयोजन बेतला स्थित म्यूजियम हॉल में किया गया। कार्यक्रम के स्वागताध्यक्ष झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के राज्य सचिव एवं पूर्व जिला अध्यक्ष जैश रंजन पाठक उर्फ बिट्टू पाठक रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षा विभाग के प्रदेश अध्यक्ष श्याम नारायण सिंह ने की।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मनिका विधायक रामचंद्र सिंह उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में हृदयानंद मिश्र मौजूद रहे। कार्यक्रम में कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी, शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद उपस्थित शिक्षकों को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया।
स्वागताध्यक्ष जैश रंजन पाठक उर्फ बिट्टू पाठक ने कहा कि शिक्षक समाज के निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। शिक्षक विद्यार्थियों को शिक्षा देने के साथ उन्हें सही दिशा, संस्कार और नैतिक मूल्यों का बोध कराते हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का पूरा जीवन शिक्षा, ज्ञान और नैतिक मूल्यों के प्रति समर्पित रहा और उनका जीवन आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।





