BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अवैध क्लीनिकों के खिलाफ दंगवार में की छापेमारी


हुसैनाबाद:कृष्णा यादव 

हुसैनाबाद:पलामू जिले के हुसैनाबाद अनुमंडल अंतर्गत दंगवार क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग ने अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों के खिलाफ छापेमारी की। इस दौरान अवैध रूप से बिना रजिस्ट्रेशन के क्लीनिक संचालित कर रहे आधा दर्जन से अधिक संचालक क्लीनिक का शटर बंद कर फरार हो गए।वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इस दौरान कार्रवाई करते हुए दंगवार मुख्य बाज़ार में संचालित प्रिया नर्सिंग होम को तत्काल प्रभाव से सिल कर दिया। विभाग के अधिकारियों के अनुसार नर्सिंग होम का संचालन बिना वैध निबंधन के किया जा रहा था। यह कार्रवाई क्लीनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट के तहत की गई। अनुमंडलीय अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ शशिभूषण ने बताया कि दंगवार क्षेत्र में लंबे समय से बिना निर्धारित मानकों के कई क्लिनिक संचालित किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायत के आधार पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्रिया नर्सिंग होम का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान नर्सिंग होम के निबंधन, निर्धारित मानकों और आवश्यक चिकित्सकीय व्यवस्थाओं से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया। विभाग के मुताबिक संचालक आवश्यक वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने में विफल रहा। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अधिकारियों की मौजूदगी में नर्सिंग होम को सील कर दिया।वहीं बाज़ार क्षेत्र में ही संचालित कर रहे डॉ अंदु प्रसाद की क्लीनिक की जांच के लिए टीम पहुंची तो उन्होंने अंदर से क्लीनिक बंद कर दिया हालांकि प्रशासन देर तक दरवाजा खुलवाने का प्रयास करती रही लेकिन क्लिनिक नहीं खोला गया। वहीं दंगवार कोइरीडीह मेन रोड में संचालित फ्रैक्चर क्लीनिक एवं एक शिशु अस्पताल की जांच के लिए पहुंची लेकिन दोनों क्लीनिक बन्द कर फरार हो गए।कार्रवाई के दौरान अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद के उपाधीक्षक डॉ. शशि भूषण तथा चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विनेश कुमार के अलावा प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक, प्रखंड लेखा प्रबंधक एवं कार्यालय लिपिक मौजूद रहे। स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि बिना वैध निबंधन और निर्धारित मानकों के स्वास्थ्य संस्थान संचालित करने की अनुमति नहीं है। ऐसे संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों ने कहा कि मरीजों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में बिना निबंधन संचालित किए जा रहे क्लिनिकों के संचालकों में डर की स्थिति है। विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि इलाज के लिए पंजीकृत और अधिकृत अस्पताल एवं स्वास्थ्य संस्थानों का ही चयन करें।वहीं इस कार्रवाई से अवैध क्लीनिक संचालित कर रहे लोगों में हड़कंप मच गया है।