BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

श्रावणी मेले के 10वें दिन बाबा मंदिर में उमड़ा जनसैलाब, 04:13 बजे पट खुलते ही शुरू हुआ जलार्पण


रांची एक्सप्रेस ब्यूरो 

देवघर : राजकीय श्रावणी मेला-2026 के 10वें दिन शनिवार को देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में शिवभक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। 

मंदिर का पट प्रातः ठीक 04:13 बजे खुलते ही कतारबद्ध कांवरियों का सुव्यवस्थित जलार्पण शुरू हो गया। बाबा के जयकारों के साथ पूरा मेला क्षेत्र भक्तिमय हो गया।

मंदिर से लेकर कांवरिया पथ तक का माहौल आस्था से सराबोर है। देश के कोने-कोने से आए शिवभक्त पूरी श्रद्धा और निरंतरता के साथ बाबाधाम की ओर बढ़ रहे हैं। रूट लाइन से लेकर मंदिर परिसर तक 'बोल बम' और 'हर-हर महादेव' के जयघोष गूंज रहे हैं।

जिला प्रशासन के अनुसार, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जलार्पण की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित रखा गया है। ताकि सभी भक्तों को बिना किसी अवरोध के बाबा को जल अर्पित करने का अवसर मिल सके।

श्रावणी मेले को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा, चिकित्सा, पेयजल और साफ-सफाई के पुख़्ता इंतजाम किए गए हैं। जगह-जगह पुलिस बल और स्वयंसेवक तैनात हैं ताकि भीड़ को नियंत्रित कर सुलभ दर्शन सुनिश्चित किया जा सके।

गौरतलब है कि श्रावणी मेला 2026 का आगाज 11 जुलाई से हुआ था और मेला अपने 10वें दिन में प्रवेश कर चुका है। प्रतिदिन लाखों की संख्या में कांवरिया बाबा बैद्यनाथ को जलार्पण कर पुण्य अर्जित कर रहे हैं।