सावन की अंतिम सोमवारी पर अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब,हर- हर महादेव के उद्घोष से गूंजा हुसैनाबाद
हुसैनाबाद: कृष्णा यादव
हुसैनाबाद,पलामू :
पवित्र सावन माह की अंतिम सोमवारी के अवसर पर हुसैनाबाद अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में हर-हर महादेव की गूंज सुनाई दी। सुबह से ही शिवालयों में जलाभिषेक और पूजा-अर्चना को लेकर शिव भक्तों की भारी भीड़ रही।हुसैनाबाद के लंगर कोट गांव स्थित मुरली पहाड़ी महाकालेश्वर शिव धाम परिसर में भक्तों का सैलाब देखने को मिला। बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु सुबह से ही लाइन में लगकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर रहे थे।वहीं महाकालेश्वर शिव धाम के पुजारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि इस वर्ष भी सावन पूर्णिमा के अवसर पर भव्य मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले की तैयारियां जोरों पर हैं।उन्होंने बताया कि सावन का महीना भगवान शिव को अत्यंत प्रिय है और अंतिम सोमवारी का विशेष महत्व होता है। मान्यता है कि इस दिन सच्चे मन से पूजा करने पर सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं।अंतिम सोमवारी को लेकर मंदिर परिसर में सुरक्षा और व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मौके पर सैकड़ों शिव भक्त मौजूद थे।





