JPSC-JSSC-CGL धांधली और पेपर लीक के विरोध में भाजपा का महाघेराव कल
निर्दोष छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने और CBI जांच की मांग को लेकर 9 सितंबर को प्रदर्शन
मेदिनीनगर, 8 सितंबर 2026। JPSC, JSSC एवं CGL परीक्षाओं में कथित धांधली और पेपर लीक की CBI जांच की मांग तथा अपने हक की आवाज उठाने वाले निर्दोष छात्रों पर दर्ज मुकदमों के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पलामू द्वारा 9 सितंबर को महाघेराव एवं जनाक्रोश प्रदर्शन किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 11 बजे से शुरू होगा।
भाजपा पलामू जिलाध्यक्ष अमित तिवारी ने बताया कि प्रदेश द्वारा नियुक्त प्रभारी एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष/पूर्व राज्यसभा सदस्य दीपक प्रकाश कार्यक्रम में मुख्य रूप से शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन में सांसद, विधायक, पूर्व सांसद-विधायक, प्रदेश पदाधिकारी एवं कार्यसमिति सदस्य, जिला एवं मंडल पदाधिकारी, सभी मोर्चों के पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता, सक्रिय कार्यकर्ता, छात्र एवं युवा बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
प्रदर्शन में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं, नेताओं, छात्रों और युवाओं का एकत्रीकरण रेडमा बाईपास, काली मंदिर रोड स्थित माइनर इरिगेशन ऑफिस मैदान में होगा। यहां से सभी पैदल मार्च करते हुए रेडमा चौक, ओवरब्रिज और कचहरी चौक के रास्ते समाहरणालय गेट पहुंचेंगे, जहां महाघेराव एवं जनाक्रोश प्रदर्शन किया जाएगा।





