BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

स्वच्छता ही सेवा-2026 के तहत स्वच्छता मैराथन का आयोजन, अमानत नदी तट पर चलाया स्वच्छता अभियान और किया पौधारोपण


पलामू : स्वच्छता ही सेवा-2026’ के तहत शुक्रवार को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता का संदेश देने के उद्देश्य से स्वच्छता मैराथन का आयोजन किया गया। प्रातः 6:30 बजे समाहरणालय परिसर से जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन दौड़ का शुभारंभ किया। उपायुक्त श्री शेखावत स्वयं भी दौड़ में शामिल हुए और मैराथन पूरी कर सिंगरा स्थित अमानत नदी तट पहुंचे।

मैराथन में शामिल पदाधिकारी, युवा, खिलाड़ी, विभिन्न संस्थाओं के वॉलिंटियर्स एवं अन्य प्रतिभागी समाहरणालय परिसर से दौड़ते हुए छहमुहान, साहित्य समाज, पुलिस लाइन एवं बिस्फुटा चौक होते हुए सिंगरा स्थित अमानत नदी तट पहुंचे।

नदी तट पहुंचने के बाद उपायुक्त ने दौड़ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया। इसके पश्चात अमानत नदी तट पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नदी किनारे बिखरे प्लास्टिक, टूटी बोतल एवं अन्य कचरे को एकत्रित किया और उसे कचरा उठाव करने वाले वाहन में डाला।इसके बाद नदी तट पर पौधारोपण किया गया। पौधारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं प्राकृतिक संसाधनों को सुरक्षित रखने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के अंत में उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों, युवाओं एवं मैराथन में शामिल प्रतिभागियों को स्वच्छता के प्रति शपथ दिलाई।

 *स्वच्छता प्रबंधन में जनभागीदारी जरूरी :उपायुक्त* 

इस अवसर पर डीसी श्री शेखावत ने कहा कि स्वच्छता मैराथन का उद्देश्य यह तय करना नहीं है कि कौन प्रथम आया और कौन द्वितीय, बल्कि इसके माध्यम से साफ-सफाई के प्रति मजबूत संदेश देना है। उन्होंने कहा कि जिस तरह हम अपने घरों को साफ रखते हैं, उसी तरह नदी, नालों और सड़कों को भी स्वच्छ रखना हमारी जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता प्रबंधन केवल जिला प्रशासन या सरकार के भरोसे संभव नहीं है। इसमें आम लोगों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी समझेगा, तभी स्वच्छ एवं सुंदर समाज का निर्माण संभव होगा।उन्होंने युवाओं एवं जिलेवासियों से स्वच्छता अभियान से निरंतर जुड़ने तथा अपने आसपास के क्षेत्र को साफ रखने की अपील की।

कार्यक्रम में प्रशिक्षु आईएएस ऋतिक मेहता, जिला कल्याण पदाधिकारी प्यारे लाल, सदर एसडीएम संजय पांडे,एनडीसी नीरज कुमार,पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के प्रतिनिधि, सहित विभिन्न संस्थाओं से जुड़े वॉलिंटियर्स, खेल संघ से जुड़े युवा एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।